Sonbhadra News : सीएमओ ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया एनडीडी अभियान का शुभारंभ
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय के छपका स्थित एक निजी विद्यालय में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
2:23 PM, August 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय के छपका स्थित एक निजी विद्यालय में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दवा खिलाने से पहले यह भी सुनिश्चित किया कि सभी छात्रों ने सुबह नाश्ता किया है या नहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में एक से 19 वर्ष तक की आयु के बच्चों एवं किशोरों को कृमिनाशक दवा खिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने सर्वप्रथम एल्बेंडाजोल की गोली खाकर छात्रों को प्रेरित किया।
सीएमओ डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि "जिले में करीब 9.18 लाख बच्चों एवं किशोरों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर तैनात की गई हैं। एक से दो वर्ष की आयु के बच्चों को आधी गोली, जबकि दो से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एल्बेंडाजोल की दवा खाली पेट नहीं खिलाई जाएगी। बीमार बच्चों को भी उस समय दवा नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कृमि आंत में रहकर शरीर के पोषक तत्वों को नुकसान पहुंचाते हैं। खुले में शौच, गंदे हाथ, दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन कृमि संक्रमण के प्रमुख कारण हैं। गंभीर संक्रमण की स्थिति में बच्चों में पेट दर्द, दस्त, उल्टी, एनीमिया, कुपोषण और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई बार संक्रमण के लक्षण स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, ऐसे में समय-समय पर कृमिनाशक दवा देना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।"
सीएमओ ने जनपदवासियों से कृमि संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने बच्चों के नाखून छोटे एवं साफ रखने, स्वच्छ पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, फल एवं सब्जियों को अच्छी तरह धोकर खाने तथा भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत विकसित करने पर जोर दिया। घर और आसपास साफ-सफाई रखने, चप्पल-जूते पहनने तथा खुले में शौच से बचने को भी संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी बताया।
वहीं एनडीडी अभियान के नोडल अधिकारी डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद ने बताया कि "जिले में 2747 विद्यालयों और 2079 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। अभियान के दौरान किसी कारणवश जो बच्चे दवा की खुराक लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को आयोजित होने वाले मॉप-अप दिवस पर दवा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल की गोली चबाकर खानी चाहिए। छोटे बच्चों को आवश्यकता के अनुसार गोली को कुचलकर भी खिलाया जा सकता है।"
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ0 गिरधारी लाल, एसीएमओ डॉ0 प्रेमनाथ सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।




