Sonbhadra news : मूसलाधार बारिश में फंसे सात लोगों को CISF ने सुरक्षित बचाया
एनटीपीसी रिहंद नगर में रविवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

sonbhadra
8:48 PM, August 17, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बिजपुर (सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद नगर में रविवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। तरंग ऑडिटोरियम और क्वार्टर संख्या A-143 के पास करीब साढ़े चार फीट पानी भरने से एक ही परिवार के सात सदस्य, जिनमें तीन बच्चे शामिल थे, घर में फंस गए।
रात करीब 12:10 बजे सूचना मिलने पर CISF फायर विंग की टीम सहायक कमांडेंट (फायर) आलोक कुमार चौधरी के नेतृत्व में वॉटर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। जवानों ने अंधेरे और तेज बहाव वाले पानी के बीच लाइफ जैकेट व रस्सियों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बाद में सभी को एंबुलेंस से एनटीपीसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते CISF की टीम द्वारा किए गए त्वरित रेस्क्यू से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने जवानों की तत्परता और साहस की सराहना की।




