Sonbhadra News : 'विकसित भारत-2047' विषय पर बच्चों ने उकेरी अपनी कल्पना, लोक नृत्य से बांधा समां
जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता को निपुण भारत मिशन की मंशानुरूप और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्रांगण में एक भव्य 'बाल पुस्तक मेला एवं रीडिंग कैम्पेन' का...

sonbhadra
7:41 PM, January 22, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• निपुण भारत मिशन के तहत छात्रों को वितरित किए गए द्विभाषी पुस्तक सेट
• सीडीओ की अनूठी पहल, जिले के 1000 मेधावी छात्रों के लिए 'बाल पुस्तक मेला' आयोजित
सोनभद्र । जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता को निपुण भारत मिशन की मंशानुरूप और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्रांगण में एक भव्य 'बाल पुस्तक मेला एवं रीडिंग कैम्पेन' का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी के निर्देशन तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पांडेय की देखरेख में बेसिक शिक्षा विभाग और अवादा फाउन्डेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के 1000 मेधावी छात्रों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि सीडीओ जागृति अवस्थी और विशिष्ट अतिथि मधुलता अवस्थी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर सीडीओ ने अवादा फाउंडेशन, उपक्रम फाउंडेशन और देवी फाउंडेशन द्वारा लगाए गए पुस्तक स्टालों का अवलोकन किया और बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पुस्तकालयों हेतु उपलब्ध कराई गई कक्षावार पुस्तकों की सराहना की। वहीं मेले में आए सभी 1000 छात्रों को उनके स्तर के अनुसार द्विभाषी पुस्तकों के सेट प्रदान किए गए।
सीडीओ जागृति अवस्थी ने छात्रों और शिक्षकों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि पुस्तकों को पढ़ने की आदत ही भविष्य के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को निर्देशित किया कि इस तरह के कार्यक्रमों का अनुकरण ब्लॉक स्तर पर भी किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों के लिए पुस्तक वाचन एवं 'विकसित भारत 2047' विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेताओं को मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सम्मानित किया। विशेष आकर्षण के रूप में उच्च प्राथमिक विद्यालय के विज्ञान अध्यापक राजकुमार ने आईआईटी गांधीनगर की विज्ञान किट का प्रदर्शन किया।
वहीं छात्रों ने जनपद के पारंपरिक 'लोक नृत्य' और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति देकर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जादूगर के प्रदर्शन ने सभी को अचंभित किया,
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पुस्तकालय की पुस्तकों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करें ताकि छात्र खेल-खेल में ज्ञानार्जन कर सकें।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी हेमंत सिंह , डीसी जी0राम0जी0 रविन्द्र सिंह , जिला पंचायतीराज अधिकारी नमिता शरण, उपायुक्त स्वतः रोजगार सरिता सिंह , जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त जिला समन्वयक , एसआरजी , एआरपी ने छात्रों की प्रतिभा का अवलोकन किया, कार्यक्रम का संचालन अमृता सिंह और वीणा रानी श्रीवास्तव ने किया।




