Sonbhadra News : खराब सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर मगर जिले के अधिकारी व जनप्रतिनिधियों को नहीं पड़ता कोई फर्क
योगी सरकार 2027 विधान सभा चुनाव से पहले सब कुछ दुरुस्त करने में जुटी है, इसी के तहत मिर्जापुर में समीक्षा बैठक में सीएम योगी का सबसे ज्यादा फोकस खराब सड़कों पर था...

sonbhadra
6:20 PM, July 9, 2026
- समस्याओं को लेकर जनता को खुद उठानी पड़ती है आवाज
- जिले में पीडब्लूडी विभाग का हाल बेहाल
- पहली बरसात में सड़कों की खुली पोल, जगह-जगह बन गए गड्ढे
शांतनु कुमार/एम शर्मा
डाला (सोनभद्र) । योगी सरकार 2027 विधान सभा चुनाव से पहले सब कुछ दुरुस्त करने में जुटी है, इसी के तहत मिर्जापुर में समीक्षा बैठक में सीएम योगी का सबसे ज्यादा फोकस खराब सड़कों पर था, उनका कहना था कि कोई भी सड़क टूटी हुई नहीं दिखनी चाहिए। मगर सोनभद्र में पीडब्लूडी के अधिकारियों पर सीएम के आदेश का कोई फर्क नहीं पड़ता। वही हाल यहाँ के जनप्रतिनिधियों का है, उन्हें लोगों की समस्याओं से कोई लेना-देना ही नहीं रहा। अधिकारी हों या फिर जनप्रतिनिधि उन्हें आम लोगों के दर्द का एहसास इसलिए नहीं रहा क्योंकि वे बड़ी बड़ी गाड़ियों से निकल जाते हैं और आम लोगों के लिए छोड़ जाते हैं समस्या।
यह तस्वीर है तेलगुड़वा-कोन सम्पर्क मार्ग का। आप tasviron के साथ वीडियो में भी देख सकते हैं कि खराब सड़कों की वजह से आम लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में कितनी परेशानी झेलनी पड़ती हैं। सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन न होने के कारण यह सड़क लोगों के लिए नरक बन गया है। अभी बरसात शुरू भी नहीं हुई कि हल्की बारिश में सरकारी कामों की पोल खुलनी शुरू हो गयी। लोगों ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह जल जमाव हो जा रहा है, गत सोमवार को हुए पहली बारिश में ही चोपन ब्लॉक के कोटा ग्राम पंचायत के टोला कोटा खास में नवनिर्मित सड़क तालाब में तब्दील हो गया था । जल निकासी की सुचारु व्यवस्था नहीं होने से सड़क से आवागमन में स्कूली बच्चों सहित स्थानीयों व राहगीरों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा।
इन्हीं सब समस्याओं को लेकर दर्जनों ग्रामीणों ने गुरुवार को तेलगुड़वा-कोन सम्पर्क स्थित कोटा खास सड़क के पास इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क को दुरुस्त करने की मांग की । ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान यदि जल्द नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन कर रहे निर्भय चौधरी ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। कोटा खास बाजार में सड़क को एक स्तर पर नहीं बनाया गया है। सड़क के दोनों किनारे ऊंचे कर बीच में गड्ढा छोड़ दिया गया है। बारिश का पानी इसी गड्ढे में जमा हो जाता है, जिससे जलभराव की स्थिति बन जाती है। पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से आवागमन बाधित हो रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि निर्माण के दौरान कहा गया था मगर कोई सुनवाई नहीं हुआ।
वहीं लवकुश प्रजापति ने बताया कि खराब सड़क की वजह से कई बार बाइक सवार महिलाएं और बच्चे फिसलकर घायल भी हुए हैं । ठेकेदार ने शुरू से निर्माण कार्य में लापरवाही बरती है। उन्होंने बताया कि जैसे - तैसे सड़क पूरी हो कर दिया गया है लेकिन गुणवत्ता बरकरार न रखने के कारण यह कोढ़ अब लोगों को झेलना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कोटा खास मार्ग से स्कूली बच्चों का भी आना-जाना होता है । पास में स्कूल भी है, दुर्घटना से बचाव के लिए स्पीड ब्रेकर, सड़क की दोनों तरफ नाली निर्माण और दोनों तरफ पटरी नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं घटित होती रहती हैं ।
वहीं नागेंद्र ने बताया कि तेलगुडवा तिराहे पर सड़क निर्माण कार्य के वाराणसी-शक्ति नगर राज्य मार्ग की सड़क खोदा गया था जिस पर तेलगुडवा से कोन मार्ग की सड़क निर्माण के दौरान ऊंची कर दिया गया और वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग नीचे हो गया लेकिन उस दौरान खोदा गया गड्ढा दुरूस्त नहीं करवाया गया जहां वर्तमान में धीरे-धीरे बड़ा गड्ढा बनता जा रहा है । जिसमें में आए दिन बाइक सवार व साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। जिस पर कार्य दाई ठेकेदार व पीडब्लूडी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी व जेई ध्यान नहीं दे रहे हैं ।
प्रदर्शन के दौरान अमरेश उपाध्याय, लवकेश प्रजापति आकाश उपाध्याय, धर्मदेव उपाध्याय पीयूष, पुज्जु दीपक कार्तिक अन्य स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे ।
बहरहाल खराब सड़क का यह कोई पहला मामला नहीं हैं, ऐसे तमाम जर्जर सड़कें जिले में और भी हैं। सबसे बड़ा सवाल है कि इसी सड़कों से होकर जनप्रतिनिधि व अधिकारी जाते हैं मगर उन्हें आज तक ग्रामीणों की समस्या क्यों नहीं दिखी । वहीं दूसरी तरफ पीडब्ल्यूडी विभाग का हाल यह है कि समस्या आने पर वह रिपेयरिंग करने की बात कह कर पल्ला झाड़ लेता हैं । जिसका नतीजा है कि गुणवत्ता के साथ हमेशा खिलवाड़ हो रहा है और इसका खामियाजा जनता को उठानी पड़ रही है।




