Sonbhadra News : चैती छठ महाव्रत-उदीयमान भगवान भाष्कर को अर्घ्य देकर हुई पूर्णाहुति
क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में आस्था के इस महापर्व को श्रद्धा के साथ मनाया गया

सोनभद्र
7:34 AM, March 25, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। विकास खण्ड दुद्धी के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में चैती छठ महाव्रत का महापर्व श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ।महुली,पतरिहा, फुलवार समेत अन्य गांवों में भी इस महापर्व में आस्था रखने वाले व्रतियों की भीड़ छठ घाटों पर देखी गई।
ग्राम पंचायत हरनाकछार में स्थित मालिया नदी के पावन तट पर स्थित श्री मालेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में चैत्र नवरात्र के अवसर पर छठ महापर्व बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
बुधवार की प्रातःकाल उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर इस महाव्रत की पूर्णाहुति हुई।
हर वर्ष की भांति इस बार भी आयोजन की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तथा श्री मालेश्वर महादेव मंदिर के बजरंग क्लब सोसायटी के समस्त पदाधिकारियों के नेतृत्व में संभाली।इस धार्मिक आयोजन में लगभग 500 से अधिक व्रतधारी माताएं और बहनें शामिल हुईं, जिन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ छठ पूजा कर भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सायंकाल के अर्घ्य के समय मालिया नदी का तट पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया, जहां हर ओर भक्ति गीत, मंत्रोच्चार और जयकारों की गूंज सुनाई दी।इस आयोजन को सफल बनाने में बजरंग क्लब सोसायटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित सभी सक्रिय सदस्य लगातार जुटे रहे।
क्लब के सदस्यों ने घाट की साफ-सफाई, सजावट, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।छठ महापर्व के अवसर पर सामाजिक और सांस्कृतिक समरसता का भी सुंदर उदाहरण देखने को मिला।
बजरंग क्लब सोसायटी के तत्वावधान में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें भक्ति गीत, नृत्य और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। बच्चों के प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया।गांव के सभी सामाजिक संगठनों, मंदिर समिति और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भी संदेश देता नजर आया।




