Sonbhadra News : भगवान विष्णु के अनन्त स्वरूप की आराधना के साथ मना "अनन्त चतुर्दशी" का पर्व
भाद्रपद के शुक्लपक्ष के चतुर्थी तिथि को मनाए जाने वाला यह पर्व भगवान विष्णु को समर्पित है।इस दिन पूरे विधि विधान के साथ भगवान विष्णु की पूजा की जाती है।

सोनभद्र
6:57 PM, September 25, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। सनातन धर्म में भाद्रपद के शुक्ल पक्ष के चतुर्थी तिथि का विशेष महत्व होता है।इस दिन को अनन्त चतुर्दशी के नाम से जाना जाता है।अनन्त चतुर्दशी का पर्व भाद्रपद मास के शुक्लपक्ष चतुर्दशी को मनाया जाता है।इस दिन भगवान विष्णु के अनन्त रूप की पूजा की जाती है।इसमें व्रत का संकल्प लेकर अनन्तसूत्र बाँधा जाता है।
इसी क्रम में थाना क्षेत्र में अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव के साथ भगवान श्री हरि विष्णु के अनंत स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। माताओं-बहनों सहित बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा में शामिल होकर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
रामलीला मैदान में आनंद द्विवेदी के द्वारा अनंत भगवान की पूजा-अर्चना कराई गई। वहीं मां काली मंदिर परिसर में राजीव रंजन तिवारी एवं मनोज तिवारी के द्वारा पूजा संपन्न कराई गई। डीहवार बाबा के प्रांगण में नंदलाल तिवारी ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई।इस अवसर पर गांव-कस्बे की बड़ी संख्या में माताएं-बहनें एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और श्रद्धापूर्वक पूजा में शामिल हुए। पूजा के दौरान भक्तों ने भगवान श्री हरि विष्णु से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार
अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूजा एवं व्रत का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु इस दिन अनंत भगवान की आराधना कर अनंत सूत्र धारण करते हैं। मान्यता है कि श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा एवं व्रत करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है।इस मौके पर अनंत चतुर्दशी की पूजा भक्तिभाव के साथ की गई।




