Sonbhadra News : बचपन डे केयर सेंटर पहुंचीं सीडीओ, दिव्यांग बच्चों की परखी शिक्षा-प्रशिक्षण व्यवस्था
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित बचपन डे केयर सेंटर, एल-2 भवन लोढ़ी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।

sonbhadra
8:04 PM, September 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । दिव्यांग बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए अब उनकी पढ़ाई के साथ-साथ कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर भी विशेष फोकस किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित बचपन डे केयर सेंटर, एल-2 भवन लोढ़ी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को भी बारीकी से देखा। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, ड्रेस, बैग, कॉपी-किताब समेत अन्य जरूरी सामग्री की उपलब्धता के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उनकी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचानकर उसी के अनुरूप कौशल विकसित किया जाए, ताकि आगे चलकर वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें।
उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जहां वे अपनी क्षमताओं को खुलकर सामने ला सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने बचपन डे केयर सेंटर का संचालन नियमित और बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्यां शुक्ला, बचपन डे केयर सेंटर के समन्वयक राहुल कुमार सिंह सहित समस्त अध्यापक एवं कार्मिक उपस्थित रहे।




