Varanasi News : काशी विश्वनाथ मंदिर के हाई-सिक्योरिटी जोन में चली कार्बाइन से गोली, तीन लोग घायल
धर्मनगरी काशी के सबसे हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंदिर के गेट नंबर 4बी पर ड्यूटी के दौरान एक पीएसी जवान के हाथ....

काशी विश्वनाथ मंदिर की फाइल फोटो.....
varanasi
8:52 AM, July 4, 2026
जनपद न्यूज ब्यूरो
• पीएसी जवान के हाथ से हथियार गिरने पर हुआ हादसा
• पत्थर-गिट्टी लगने से घायल हुए फूल कारोबारी
वाराणसी । धर्मनगरी काशी के सबसे हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंदिर के गेट नंबर 4बी पर ड्यूटी के दौरान एक पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन छूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे दुर्घटनावश गोली चल गई। राहत की बात यह रही कि गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी।
गोली सड़क पर लगते ही गिट्टी और छोटे पत्थर उछलकर आसपास खड़े लोगों को जा लगे। हादसे में माला-फूल का कारोबार करने वाले निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव घायल हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन अचानक छूटकर गिर गई थी, जिससे अनजाने में फायर हो गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




