Sonbhadra News : सोनभद्र में महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह महिलाओं समेत सात गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में छह महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी आरोपी गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

sonbhadra
10:43 PM, November 18, 2026
शान्तनु विश्वास/प्रकाश खत्री
० रॉबर्ट्सगंज और ओबरा की पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा, 1.87 लाख नकदी व सोने के आभूषण बरामद
सोनभद्र। जनपद में चोरी और छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में रॉबर्ट्सगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठित गिरोह बनाकर भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और त्योहारों के दौरान महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के पंचमुखी महादेव मंदिर, सहिजन खुर्द के पास घेराबंदी कर बोलेरो सवार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में छह महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी आरोपी गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
भीड़ में महिलाओं को बनाते थे निशाना
पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका सामने आया। पुलिस के मुताबिक, पुरुष आरोपी किशन कुमार बोलेरो चलाता था और विभिन्न स्थानों पर रेकी कर महिलाओं की अधिक भीड़ वाले स्थानों को चिह्नित करता था। इसके बाद महिला सदस्य भीड़ में शामिल होकर महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी कर लेती थीं। चोरी के आभूषण बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी।
1.87 लाख नकदी और आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 87 हजार 200 रुपये नकद, पीली धातु के विभिन्न आभूषण और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई करीब 13 लाख रुपये कीमत की बोलेरो गाड़ी को भी सीज किया गया है। बरामद लॉकेट की पहचान एक पीड़िता ने मौके पर पहुंचकर अपने चोरी हुए आभूषण के रूप में की।
पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र की चार और ओबरा थाना क्षेत्र की एक, कुल पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सहयोगियों और चोरी के आभूषण खरीदने वालों की भी जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




