Sonbhadra News: पेड़ से कार टकराई, एक की मौत और तीन घायल
घोरावल तहसील क्षेत्र के करमा थाना अंतर्गत एक कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे मे कार में सवार एक युवक की मौत हो गई और उसके तीन साथी गम्भीर रूप से घायल हुए जिन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

sonbhadra
5:49 PM, October 12, 2024
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल। करमा थाना अंतर्गत झकाही आश्रम के पास एक्सयूवी कार पेड़ से टकराई। जिसमें गाड़ी मे सवार एक युवक की मौत हो गई और सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गंभीर हालत देखकर सभी घायलो को बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक करमा थाना अंतर्गत बहोरिका गांव के रहने वाले चार युवक रॉवर्ट्सगंज में लगी प्रदर्शनी को देखकर देर रात गाड़ी से शाहगंज राजगढ़ मार्ग पर से होते हुए अपने घर बहोरिका लौट रहे थे। झकाही आश्रम के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार भी ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा बिल्कुल चकनाचूर हो गया। इस हादसे में सुधीर कुमार पांडेय 26 वर्ष पुत्र शान्तेश्वर पांडेय की सांस थम सी गई। और गाड़ी में सवार ऋतुराज पांडेय 25 वर्ष रमा शंकर, कल्लू यादव 30 वर्ष पुत्र बचऊ , छोटेलाल 47 वर्ष पुत्र स्व बिंद्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ऋतुराज पांडेय ने घायल अवस्था में ही मोबाइल से अपने परिजनों को जानकारी दी। साथ ही घटना के बारे में पुलिस को बताया। कुछ ही देर मे घटनास्थल पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों के परिजन भी जुट गए। सभी को वहां से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने सुधीर कुमार पांडेय को मृत बताया। घटना से सुधीर के परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में घायल लोगों के परिजन उन घायलो को लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे हैं। इस संबंध में करमा प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सड़क हादसे मे कार में सवार एक युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शेष अन्य तीन घायलों का उपचार बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है।




