Sonbhadra News : करोड़ों का बस स्टेशन बना शोपीस, फ्लाईओवर के नीचे बस संचालन से रोज लग रहा जाम
यहां आने वाले ग्राहकों और राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। वहीं, बसों के इंतजार में खड़े यात्रियों, महिलाओं और बच्चियों के लिए बैठने, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं

डिपो के बाहर फ्लाईओवर के नीचे खड़ी बस
sonbhadra
6:34 PM, November 28, 2026
शान्तनु विश्वास
० 3.49 करोड़ की लागत से बने बस स्टेशन का नहीं हो रहा समुचित उपयोग, जाम में एंबुलेंस तक फंस चुकी
सोनभद्र। जनपद मुख्यालय पर करीब 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित रोडवेज बस स्टेशन का समुचित उपयोग नहीं हो रहा है। बस स्टेशन परिसर में खराब बसें खड़ी होने की बात सामने आ रही है, जबकि मिर्जापुर डिपो की बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। इससे प्रतिदिन सड़क पर जाम लग रहा है और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार जाम में एंबुलेंस तक फंस चुकी है, जिससे आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
फ्लाईओवर के नीचे बसों के ठहराव के कारण पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा के आसपास भी यातायात प्रभावित रहता है। यहां आने वाले ग्राहकों और राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। वहीं, बसों के इंतजार में खड़े यात्रियों, महिलाओं और बच्चियों के लिए बैठने, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
व्यापार संगठन ने कई बार उठाया मुद्दा, फिर भी कार्रवाई नहीं
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने इस समस्या को लेकर लगातार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। 8 दिसंबर 2025 को सोनभद्र डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने पत्रांक 1098 के माध्यम से मिर्जापुर डिपो को भी बस संचालन से उत्पन्न समस्याओं के समाधान और बसों को सोनभद्र डिपो से संचालित कराने के संबंध में अनुरोध किया था। बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है।
करोड़ों की सुविधा का उपयोग क्यों नहीं?
जब सोनभद्र में करोड़ों रुपये की लागत से बस स्टेशन बनाया गया है और परिसर में बसों के खड़े होने की व्यवस्था है, तो बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे से क्यों किया जा रहा है? परिसर में खड़ी बसों की स्थिति और उनकी मरम्मत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने, बस स्टेशन का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित कराने तथा फ्लाईओवर के नीचे से बस संचालन बंद कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सार्वजनिक धन से निर्मित सुविधाओं का लाभ जनता को मिलना चाहिए और अधिकारियों की उदासीनता के चलते नागरिकों को रोजाना जाम व असुविधा का सामना नहीं करना चाहिए।




