Shahjahanpur news : गेट बंद, बच्चे बाहर - नवोदय परीक्षा में लेट एंट्री पर हंगामा, अभिभावकों ने DIOS से की शिकायत
जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा संपन्न हुई, लेकिन परीक्षा से ज्यादा चर्चा परीक्षा केंद्र के गेट खुलने में हुई देरी की रही।

shahjahanpur
7:57 PM, November 28, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
◆ रिपोर्टिंग टाइम 10:30 था, गेट खुला 11 बजे - 340 में से सिर्फ 213 पहुंचे, 127 रहे अनुपस्थित
खुटार, शाहजहांपुर। शनिवार को खुटार के गोल्डन फ्लावर स्कूल में जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा संपन्न हुई, लेकिन परीक्षा से ज्यादा चर्चा परीक्षा केंद्र के गेट खुलने में हुई देरी की रही।
गेट न खुलने पर भड़के अभिभावक
अभिभावकों के मुताबिक प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग टाइम सुबह 10:30 बजे था। बच्चे समय से केंद्र पर पहुंच गए थे, लेकिन गेट नहीं खुला। काफी देर तक इंतजार के बाद अभिभावकों ने दूरभाष से डीआईओएस से शिकायत की, तब जाकर करीब 11 बजे विद्यालय का गेट खोला गया।
गेट खुलने में देरी से केंद्र पर अव्यवस्था के कयास लगाए जा रहे हैं और अभिभावकों में इसको लेकर खासी चर्चा रही। कई अभिभावकों का कहना था कि जब रिपोर्टिंग टाइम तय है तो गेट समय पर क्यों नहीं खोला गया?
पुलिस बल रहा तैनात
परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र पर भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकी।
127 छात्र रहे अनुपस्थित
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस केंद्र पर कुल 340 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन केवल 213 छात्र ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 127 छात्र अनुपस्थित रहे।
अनुपस्थिति की इतनी बड़ी संख्या भी चर्चा का विषय बनी हुई है। क्या गेट खुलने में देरी और अव्यवस्था ही इसकी वजह बनी, इस पर भी अभिभावक सवाल उठा रहे हैं।
*हालांकि विद्यालय के प्रधानाचार्य ने लेट इंट्री की बात को शिरे से खारिज करते हुए कहा है कि विद्यालय में समय से परीक्षा शुरू हुई और इंट्री भी समय से ही कराई गई है किसी प्रकार की अव्यवस्था की कोई शिकायत नहीं है।*
अब सवाल ये है कि नवोदय जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में इस तरह की लापरवाही पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?




