Sonbhadra news : 85 फीट ऊंचे हाईटेक रावण का दहन, घूमते दस सिर रहे आकर्षण का केंद्र
विजयादशमी पर बुधवार की रात चोपन रेलवे रामलीला मैदान में 85 फीट ऊंचे हाईटेक रावण के पुतले का दहन किया गया।

sonbhadra
9:28 AM, October 21, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। विजयादशमी पर मंगलवार की रात चोपन रेलवे रामलीला मैदान में 85 फीट ऊंचे हाईटेक रावण के पुतले का दहन किया गया। रात 8:40 बजे रावण दहन होते ही मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और रावण के अट्टहास ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में एसपी सोनभद्र अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक मेवीस टॉक और रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।
रावण के दस सिर चारों दिशाओं में घूमते थे, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने। राम-रावण युद्ध के मंचन के बाद तार के जरिए रॉकेट से नाभि पर प्रहार किया गया, जिसके बाद पुतला धू-धूकर जल उठा। पुतले का निर्माण प्रसिद्ध कारीगर प्रमोद विश्वकर्मा उर्फ पप्पू की देखरेख में हुआ, जिस पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई।
श्री श्री रेलवे रामलीला समिति के अध्यक्ष कमल किशोर सिंह, रावण प्रभारी सुरेश जायसवाल और सियाराम तिवारी के अनुसार, मैदान में तीन दर्जन से अधिक बड़ी और करीब 200 छोटी दुकानें लगाई गई थीं। बच्चों के मनोरंजन के लिए मिक्की माउस व जंपिंग तथा युवाओं के लिए झूले लगाए गए थे। चोपन और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने रामलीला, रावण दहन और मेले का आनंद लिया। आयोजन ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।




