Sonbhadra News : कनहर बांध में गिरी निर्माण कम्पनी की बोलेरो, चालक घायल
कनहर सिंचाई परियोजना के कनहर बांध के ऊपर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब निर्माण कम्पनी की एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर बांध में जा गिरी।

sonbhadra
9:34 PM, August 21, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र) । कनहर सिंचाई परियोजना के कनहर बांध के ऊपर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब निर्माण कम्पनी की एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर बांध में जा गिरी। बताया जा रहा है कि वाहन पर चालक मौजूद था। उसने ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया लेकिन तब तक बोलेरो बांध में पलट गई। घटना में चालक को मामूली चोटें आई हैं।
कार्यदायी संस्था के जीएम सत्यनारायण राजू ने बताया कि चालक को हल्की-फुल्की चोट लगी है और घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि कनहर बांध के ऊपर से निर्माण कम्पनी की बोलेरो के पलटने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कम्पनी का एक वाहन बांध के ऊपर से पलट चुका है। लगातार इस तरह की घटनाओं के बाद बांध के ऊपर वाहनों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और चालक की सावधानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बांध के ऊपर आवागमन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और सावधानी बेहद जरूरी है। ऐसे में बार-बार वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाओं को महज संयोग माना जाए या फिर इसे लापरवाही का परिणाम, यह जांच का विषय है। लोगों ने बांध के ऊपर वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।




