Sonbhadra News : ‘हर घर नल योजना’ की हकीकत परखने ढोसरा पंप हाउस पहुंचे ब्लॉक प्रमुख, दिए सख्त निर्देश
‘हर घर नल योजना’ से शुद्ध पेयजल आपूर्ति का जायजा लेने रविवार को ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह नगवां ब्लॉक के सुदूर आदिवासी-वनवासी बाहुल्य गांव ढोसरा स्थित पंप हाउस पहुंचे।

sonbhadra
10:57 AM, May 11, 2026
अवधेश पटेल (संवाददाता)
वैनी (सोनभद्र)। केंद्र व प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना ‘जल जीवन मिशन’ के तहत संचालित ‘हर घर नल योजना’ से शुद्ध पेयजल आपूर्ति का जायजा लेने रविवार को ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह नगवां ब्लॉक के सुदूर आदिवासी-वनवासी बाहुल्य गांव ढोसरा स्थित पंप हाउस पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख ने पंप हाउस की मोटर, स्टार्टर पैनल, ओवरहेड टैंक और सप्लाई लाइन का गहन निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद ऑपरेटर को सख्त हिदायत देते हुए कहा, गर्मी चरम पर है। ढोसरा जैसे दूर-दराज के वनवासी इलाके में पानी ही जीवन है। टंकी हर समय फुल रखें। मोटर बंद होने या सप्लाई बाधित होने की एक भी शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई तय है।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘हर घर जल’ की गारंटी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार आदिवासी अंचलों तक पहुंचा रही है। आजादी के 75 साल बाद पहली बार ढोसरा क्षेत्र के हर घर में नल से शुद्ध पानी पहुंच भी रहा है और कुछ ऐसे भी क्षेत्र हैं जहां अभी पानी नही पहुंच पा रहा है। इस योजना के चालू हो जाने से क्षेत्र की माताओं-बहनों को घड़े लेकर जंगल-नाले तक नहीं जाना पड़ता।
आलोक सिंह ने जल जीवन मिशन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लीकेज या फाल्ट की सूचना पर 24 घंटे में मरम्मत सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन सिर्फ योजना नहीं, बल्कि आदिवासी-वनवासी भाइयों के जीवन में बड़ा बदलाव है। पंप हाउस का नियमित संचालन हमारी जिम्मेदारी है।




