Sonbhadra News : जिले के लिए 'ब्लैक सैटरडे', तीन हादसों में 5 की मौत, कई घायल
शनिवार का दिन सोनभद्र के लिए मनहूस साबित हुआ। सुबह से शुरू हुआ हादसों का सिलसिला शाम तक जारी रहा और अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक......

sonbhadra
7:21 PM, April 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शनिवार का दिन सोनभद्र के लिए मनहूस साबित हुआ। सुबह से शुरू हुआ हादसों का सिलसिला शाम तक जारी रहा और अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ही दिन में लगातार हुई इन घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया।
पहली घटना -
सुबह भोर में रायपुर थाना क्षेत्र के पवनी गांव से अपने दोस्त की बारात से लौट रहे युवकों की कार रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित एआरटीओ कार्यालय के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में कुल आठ युवक सवार थे, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चालक की हालत नाजुक होने पर उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना -
दोपहर में शक्तिनगर थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी मोड़, चिल्काडांड बाजार के पास मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग किसी कार्य से घर से निकले थे।
तीसरी घटना -
वहीं वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के सन्दहां रिंग रोड चौराहे के पास स्थित बालू-गिट्टी मंडी में भी एक हादसे ने एक युवक की जान ले ली। सोनभद्र के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के जैद गांव निवासी धीरज यादव डंपर से गिट्टी गिराकर लौट रहा था। वाहन में सवार खलासी घोरावल के पेड़े गांव निवासी 25 वर्षीय परमेश्वर वाहन को बैक करते समय नीचे उतरकर साइड बता रहा था। इसी दौरान असावधानीवश वह डंपर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।



