Sonbhadra News : बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ आँख पर काली पट्टी बांध सपाइयों ने किया प्रदर्शन
पिछले पंद्रह दिनों के अंदर एमसीएच विंग में दो प्रसूता महिलाओं और एक नवजात की मौत के मामले में आज सपा कार्यकर्ताओं ने जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर आँखों पर काली पट्टी बांधकर.....

आँख पर काली पट्टी बाँध विरोध जताते सपाई...
sonbhadra
10:38 PM, April 1, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पिछले पंद्रह दिनों के अंदर एमसीएच विंग में दो प्रसूता महिलाओं और एक नवजात की मौत के मामले में आज सपा कार्यकर्ताओं ने जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर आँखों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आए दिन हो रही घटनाओं को जिम्मेदारों पर नजरंदाज करने का आरोप लगाया।
सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक मरीजों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। सोनभद्र के जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड सेवा बंद है, डिजिटल एक्स-रे मशीनें खराब पड़ी है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केवल नर्सों के भरोसे चल रहे हैं। डॉक्टरों की कमी से मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता गौर ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की बदहाली के कारण जनता उनका रुख करने से कतरा रही है और मजबूरन प्राइवेट अस्पतालों की शरण ले रही है।
सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि सरकार केवल कागजों पर वादे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
इस दौरान रामदास, केवली गौर, मुना कुशवाहा, सरोज देवी, उषा पटेल, जुनैद, सुरेश अग्रहरी, प्रभावती कोल आदि सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




