Sonbhadra News : सनबीम स्कूल में 'किड्स लाइब्रेरी' का भाजपा एमपी प्रभारी ने किया शुभारंभ
विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, पढ़ने की आदत और निरंतर बेहतर प्रदर्शन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सनबीम स्कूल, राबर्ट्सगंज में किड्स लाइब्रेरी का उद्घाटन एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’......

सनबीम स्कूल में किड्स लाइब्रेरी का उद्घाटन करते बीजेपी एमपी प्रभारी डॉ0 महेंद्र सिंह....
sonbhadra
7:10 PM, August 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, पढ़ने की आदत और निरंतर बेहतर प्रदर्शन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सनबीम स्कूल, राबर्ट्सगंज में किड्स लाइब्रेरी का उद्घाटन एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ0 महेंद्र सिंह, प्रभारी मंत्री मध्य प्रदेश, भाजपा सदस्य उत्तर प्रदेश विधान परिषद एवं अध्यक्ष उत्तर प्रदेश स्काउट एवं गाइड रहे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डॉ0 महेंद्र सिंह ने विद्यालय परिसर में किड्स लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने संकल्प ऑडिटोरियम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से प्रश्नोत्तरी के माध्यम से सीधा संवाद किया। मुख्य अतिथि के सवालों का जवाब देने को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम का माहौल जीवंत हो उठा।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान विद्यालय के निदेशक रितेश चौरसिया, संदीप चौरसिया एवं मुकेश सिंह द्वारा किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने, अनुशासन बनाए रखने तथा सफलता के लिए समर्पित भाव से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के निदेशक रितेश चौरसिया, संदीप चौरसिया एवं मुकेश सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें पढ़ने की आदत, रचनात्मक सोच, अनुशासन और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करना जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित करने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देते हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत किया पौधरोपण -
कार्यक्रम के दौरान डॉ0 महेंद्र सिंह ने विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रकृति संरक्षण को भावी पीढ़ी की जिम्मेदारी बताते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह की गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। किड्स लाइब्रेरी के शुभारंभ से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होने के साथ उनमें पुस्तक पढ़ने की रुचि विकसित होने की उम्मीद जताई गई।




