Sonbhadra news : तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार घायल, बस चालक मौके से फरार
तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

sonbhadra
8:20 AM, July 18, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को थाना रोड के सामने एक तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज से दुद्धी की ओर जा रही एक अनुबंधित बस ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस तथा क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि मुख्य मार्गों पर बसों और अन्य भारी वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है। लोगों ने प्रशासन से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने, तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है।




