Sonbhadra News : चलती हाईवा से कोयला गिरने से चपेट में आया बाईक सवार, एक की मौत, एक घायल
शुक्रवार की रात्रि एक रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक कोयले की ट्रक से कोयले का बड़ा टुकड़ा ट्रक के पीछे चल रहे बाइक सवारों पर गिरने के कारण एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया l

sonbhadra
5:27 PM, March 21, 2026
शक्तिनगर (सोनभद्र) । जनपद के शक्तिनगर थाना अंतर्गत शुक्रवार की रात्रि एक रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक कोयले की ट्रक से कोयले का बड़ा टुकड़ा ट्रक के पीछे चल रहे बाइक सवारों पर गिरने के कारण एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया l उक्त जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी l
थाना प्रभारी कमल नयन दुबे ने बताया कि एन सी एल खड़िया से दुद्धीचुआ रेलवे स्टेशन की तरफ जा रही कोयला लदी एक ट्रक रेलवे क्रासिंग पार कर रही थी उसी समय कोयले का एक बड़ा टुकड़ा ट्रक के पीछे की तरफ़ से नीचे गिर गया जो ट्रक के पीछे चल रही एक बाइक पर सवार अमित कुमार 30 वर्ष एवं उनके साथी के ऊपर गिर गया l कोयले का टुकड़ा बाइक सवारों पर गिरने के कारण बाइक असंतुलित होकर पलट गई जिसके कारण अमित कुमार की मौत हो गई और उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया l उक्त दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रेलवे क्रासिंग पर ही रेलवे ट्रैक पर शव को रखकर घंटों जाम लगा दिया l
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची शक्तिनगर थाना की पुलिस ने नाराज लोगों को समझा बुझाकर लोगों को वहाँ से हटाया और जाम खुलवाया l पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया l एस एच ओ ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है l
घटना के संबंध में ग्राम प्रधान हीरालाल ने आरोप लगाया कि उक्त मार्ग पर हमेशा ओवरलोड कोयला की ट्रकों का आवागमन रहता है तथा कोयले के छोटे और बड़े टुकड़े भी ट्रकों से गिरते रहते हैं जिससे अक्सर दुघटनायें होती रहती l उन्होंने प्रशासन से इस पर कठोर कार्यवाही की माँग की l



