Sonbhadra news : ओवरटेक करते समय हाईवा की चपेट में आई बाइक, दो की मौत
बट कुआं के समीप वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर गुरुवार देर शाम हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई।

Ai जेनरेटेड फोटो
sonbhadra
10:02 AM, September 18, 2026
जयनाथ मौर्या (संवाददाता)
मधुपुर, (सोनभद्र)। सुकृत चौकी क्षेत्र के बट कुआं के समीप वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर गुरुवार देर शाम हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
बट गांव निवासी विजय पटेल (50) पुत्र राममूरत बाइक से राजेश उर्फ लोदी (35) पुत्र स्व. राजबली को पीछे बैठाकर बट से लोहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा ने ओवरटेक करते समय बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय को जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची सुकृत पुलिस ने राजेश के शव का पंचनामा कर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस फरार हाईवा चालक की तलाश में जुटी है। हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।




