Sonbhadra News : स्मार्ट शिक्षा योजना में बड़ा खेल, नीति आयोग के नोडल अधिकारी ने दिया एजेंसी पर FIR के निर्देश
आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की..........

sonbhadra
9:18 PM, April 9, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त सचिव (एनएलएम), पशुपालन एवं दुग्ध विभाग, भारत सरकार तथा आकांक्षी जनपद सोनभद्र के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी डॉ0 मुथु कुमार स्वामी बी0 (आईएएस) ने की।
बैठक में कृषि, पशुपालन और शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री धनधान्य कृषि योजना के तहत किसानों की आय बढ़ाने, उन्नत बीजों के उपयोग को बढ़ावा देने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। डॉ0 मुथू कुमारस्वामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएं और उन्हें समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि हो सके।
पशुपालन एवं दुग्ध विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पशुओं के टीकाकरण, नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के विषय पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पशुपालकों को नियमित प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए तथा दुग्ध सहकारी समितियों को सक्रिय कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किया जाए।
वहीं पीएम श्री विद्यालय योजना के अंतर्गत जनपद के चयनित विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा और छात्र-छात्राओं के समग्र विकास पर विशेष बल दिया गया। डॉ0 मुथू कुमारस्वामी ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि शिक्षण स्तर में सुधार लाने के लिए नवाचार अपनाए जाएं और विद्यालयों में सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक के दौरान वर्ष 2022 में प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट एवं टेक्निकल शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए चयनित एजेंसी द्वारा कार्य पूर्ण न किए जाने पर डॉ0 मुथू कुमारस्वामी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित एजेंसी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता बनी रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने जनपद में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्य प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में डॉ0 कुमारस्वामी ने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए, जिससे आकांक्षी जनपद सोनभद्र के समग्र विकास को गति मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार राय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अजय कुमार मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



