Sonbhadra News : अवैध व ओवरलोड बालू खनन पर बड़ा एक्शन, 3 टीपर जब्त
चोपन थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में गुरुवार को खनन विभाग ने अवैध और ओवरलोड बालू परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन टीपर वाहनों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया।

sonbhadra
12:13 PM, April 9, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । चोपन थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में गुरुवार को खनन विभाग ने अवैध और ओवरलोड बालू परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन टीपर वाहनों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध तरीके से बालू लेकर जा रहे तीन टीपर वाहनों का खनन विभाग की टीम ने पीछा कर उन्हें रोका। वाहन रुकते ही चालक टीपर को लॉक कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस और विभागीय टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों का लॉक तोड़कर उन्हें अपने कब्जे में लिया।
बाद में दूसरे चालकों की मदद से तीनों टीपर वाहनों को थाने लाया गया। मुख्य बाजार में दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड बालू वाहनों के चलते क्षेत्र में आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार किया है। वहीं, जब्त किए गए वाहनों की नंबर प्लेट संदिग्ध बताई जा रही है और उनके पास वैध चालान (रवाना) भी नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस और खनन विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।




