Sonbhadra News : सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्यवाही, ऑपरेशन दहन के तहत 15 करोड़ की नशीली खेप को राख में कराया तब्दील
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन दहन' के तहत जनपद पुलिस ने आज बड़ी कार्यवाही करते हुए करीब 15 करोड़ 24 लाख 86 हजार 200 रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों का विधिसम्म....

मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की कार्यवाही करती पुलिस टीम....
sonbhadra
8:22 PM, July 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• 145 एनडीपीएस मामलों से जुड़े करीब 1898 किलो मादक पदार्थ नष्ट
• एसपी अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में पूरी हुई कार्यवाही
सोनभद्र । मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन दहन' के तहत जनपद पुलिस ने आज बड़ी कार्यवाही करते हुए करीब 15 करोड़ 24 लाख 86 हजार 200 रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों का विधिसम्मत विनिष्टीकरण कराया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) की निगरानी में 145 एनडीपीएस मामलों से संबंधित 1,897.811 किलोग्राम गांजा और हेरोइन को निर्धारित मानकों के अनुरूप नष्ट किया गया।
पुलिस विभाग के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा 1 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित 'ऑपरेशन दहन' अभियान के तहत तथा सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं न्यायालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में की गई। जनपद के विभिन्न थानों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में बरामद मादक पदार्थ लंबे समय से सुरक्षित रखे गए थे, जिनका शनिवार को सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया गया।
ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने मेसर्स अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (यूनिट-डाला सीमेंट वर्क्स) के माध्यम से पूरी सुरक्षा व्यवस्था और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मादक पदार्थों को नष्ट कराया।
कार्यवाही के दौरान थाना रॉबर्ट्सगंज के 129, थाना कोन के 2 तथा थाना दुद्धी के 14 अभियोगों सहित कुल 145 मामलों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया गया।
पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 1,894.924 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 47 लाख 46 हजार 200 रुपये, तथा 2.887 किलोग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 77 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर 15 करोड़ 24 लाख 86 हजार 200 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
इस अवसर पर जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, सदस्य अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, प्रभारी नारकोटिक्स सेल उपनिरीक्षक रामनगीना प्रधान तथा आरक्षी अभिलाष सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




