Sonbhadra News : भलदरिया दरी बैजू बाबा तपोभूमि में पिकनिक मनाने के दौरान एक सैलानी स्नान करते समय डूबा, शव बरामद
मिर्जापुर अहरौरा थाना क्षेत्र के भलदरिया दरी बैजू बाबा तपोभूमि के पास बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब स्नान करते समय एक सैलानी डूब गया । काफी प्रयास के बाद पुलिस शव को बरामद किया ।

mirzapur
10:55 PM, August 21, 2024
मुमताज खान (संवाददाता)
सुकृत (सोनभद्र) । मिर्जापुर अहरौरा थाना क्षेत्र के भलदरिया दरी बैजू बाबा तपोभूमि के पास बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब पिकनिक मनाने आये सैलानी स्नान कर रहे थे, इसी बीच अचानक पानी आ गया । बढ़ते पानी को देखते हुए सब भागने लगे लेकिन 6 सैलानी फंस गए। जिनमें पांच सैलानी को किसी तरह से स्थानीय लोगों ने मिलकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया । जबकि एक सैलानी तेज बहाव में बह गया ।
जानकारी मिलते ही पुलिस उच्चाधिकारी व थाना अहरौरा पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोर व एसडीआरएफ की मदद से तलाश करना शुरू कर दिया । काफी प्रयास के बाद डूबे हुए व्यक्ति आनन्द गुप्ता के शव को बरामद कर लिया ।
बताया जा रहा है कि आनन्द गुप्ता (60) पुत्र स्व0 बनारसी लाल निवासी सोनारपुरा थाना भेलूपुर वाराणसी अपने 5 साथियों के साथ पिकनिक मनाने थाना अहरौरा क्षेत्रान्तर्गत भलदरिया दरी बैजू बाबा तपोभूमि आया था कि अचानक झरने में पानी बढ़ने की वजह से बह गए जबकि अन्य सभी साथी सुरक्षित बचा लिए गए ।
बचे हुए सैलानियों के मुताबिक खाना बनाने के बाद झरने में स्नान कर रहे थे । इस दौरान अचानक पानी बढ़ गया और वे सभी फंस गए । सभी साथी को निकाल लिया गया लेकिन एक साथी आनंद गुप्ता बह गया । जिसकी बाद में शव बरामद किया गया ।




