Sonbhadra News : बसंती बनी जनपद स्तरीय रसोईया पाक कला प्रतियोगिता की विजेता
शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में जनपद स्तरीय रसोईया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला विद्यालय..

जनपद स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता में प्रतिभाग करती जनपद की रसोईयां
sonbhadra
12:25 AM, January 4, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में जनपद स्तरीय रसोईया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में गणेश जी की प्रतिमा पर पूजन अर्चन से हुआ। प्रतियोगिता में 10 विकास खण्डों से कुल 30 रसोइयों ने भाग लिया, जिनका चयन 10 विकास खण्डों से किया गया था।
प्रतियोगिता में रसोइयों को एमडीएम मेनू के अनुसार तहरी व्यंजन बनाने की चुनौती दी गई, जिसमें भोजन के स्वाद, पकाने के तरीके, स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवहार को लेकर निर्णायक मंडल ने मूल्यांकन किया।
इस प्रतियोगिता में खंड शिक्षा अधिकारी धनंजय सिंह, जीजीआईसी प्रधानाचार्या वंदना सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम सुंदर पटेल और अन्य ने निर्णायक के रूप में भाग लिया। कुल 55 अंकों की प्रतियोगिता के बाद विजेताओं की घोषणा की गई।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के प्राथमिक विद्यालय कूरा की रसोईया बसंती ने प्राप्त किया, जिन्हें 3500 रुपये और प्रमाण पत्र दिया गया। द्वितीय स्थान प्राथमिक विद्यालय रॉबर्ट्सगंज द्वितीय की रसोईया सोनी देवी को मिला, जिनको 2500 रुपये और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। वहीं विकास खंड घोरावल के प्राथमिक विद्यालय मसोई की रसोईया सुनीता देवी को तृतीय स्थान मिला, जिन्हें 1500 रुपये और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सभी प्रतिभागियों को आने-जाने के लिए 300 रुपये भत्ता और सांत्वना पुरस्कार के रूप में 300 रुपये खाते के माध्यम से भेजे गए।
इस कार्यक्रम में विकास खण्डों के खंड शिक्षा अधिकारी, डायट प्रवक्ता और बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही।




