Sonbhadra News :कचहरी परिसर में वाहनों की मनमानी पार्किंग पर बार एसोसिएशन ने अपनाया कड़ा रुख
कचहरी परिसर में वाहनों की मनमानी पार्किंग पर बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया

sonbhadra
7:32 PM, July 9, 2026
कचहरी परिसर में वाहनों की मनमानी पार्किंग पर बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया
* पीठासीन अधिकारी की शिकायत के बाद अध्यक्ष ने जारी की आवश्यक सूचना, कल से नियम लागू
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी कचहरी परिसर में वाहनों की मनमानी पार्किंग और न्यायिक अधिकारियों की आपत्ति के बाद एसोसिएशन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय ने गुरुवार को एक आवश्यक सूचना जारी कर सभी अधिवक्ताओं और वादकारियों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने के कड़े निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए इसे बार के निर्णय का सम्मान करने की अपील की गई है।
न्यायिक अधिकारी ने दर्ज कराई थी आपत्ति
दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय ने बताया कि अधिवक्ताओं और दूर-दराज से आने वाले वादकारियों के वाहनों को सुव्यवस्थित ढंग से खड़ा करने के लिए पूर्व में ही आर.ओ. प्लांट के पास, विशाल पीपल वृक्ष और कुएं के समीप साफ-सफाई कराकर पर्याप्त पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया था। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा निर्देशों का उल्लंघन कर कचहरी परिसर में मनमाने ढंग से वाहन खड़े किए जा रहे थे। इस अव्यवस्था पर न्यायालय के पीठासीन अधिकारी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए बार एसोसिएशन से अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसे एसोसिएशन ने बेहद खेदजनक माना है।
शुक्रवार से पार्किंग स्थल पर ही खड़े होंगे वाहन-
अध्यक्ष ने साफ किया कि परिसर की गरिमा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य हो गया था। उन्होंने सभी अधिवक्ता साथियों और आम जनता से अपील की है कि वे कल (शुक्रवार) से अपने-अपने वाहनों को हर हाल में निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही क्रमवार ढंग से खड़ा करें। बार एसोसिएशन ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि सभी को बार के इस सामूहिक निर्णय का पूरी निष्ठा से पालन करना होगा ताकि न्यायिक कार्य और परिसर की व्यवस्था में कोई बाधा न आए।




