Sonbhadra News : कोन में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन, 389 युवाओं का हुआ चयन
रोजगार मेले में युवाओं की शैक्षिक योग्यता एवं दक्षता के आधार पर विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें कुल 389 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

sonbhadra
6:43 PM, November 29, 2026
पी के विश्वकर्मा (संवाददाता)
० सदर विधायक भूपेश चौबे ने चयनित अभ्यर्थियों को सौंपा कॉल लेटर, 20 कंपनियों ने लिया हिस्सा
कोन (सोनभद्र) । पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज कोन परिसर में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे व ब्लाक प्रमुख रुबी मिश्रा ने किया। मेले में निजी क्षेत्र की करीब 20 कंपनियों ने प्रतिभाग कर क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। इनमें हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एमआरएफ टायर, उत्कर्ष बैंक,फ्लीफ कार्ट,समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल रहीं। मेला में लगभग 925 युवाओं ने प्रतिभाग किया जिसमें 389 का चयन किया गया।
रोजगार मेले में युवाओं की शैक्षिक योग्यता एवं दक्षता के आधार पर विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें कुल 389 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक भूपेश चौबे ने चयनित अभ्यर्थियों को कॉल लेटर प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर मिलें और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण के संबंध में भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियां अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रामलाल चेरो, ब्लॉक प्रमुख रूबी मिश्रा, सुशील चतुर्वेदी, सुशील जायसवाल, सुनील जायसवाल, राकेश तिवारी, श्यामराज गुप्ता,विनय कन्नौजिया, प्रभाष पाण्डेय,शशि शेखर समेत, बीडीओ अनील राय,तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने चयनित युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




