Sonbhadra News : पांच दिन बाद तालाब में उतराया मिला आशीष का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
स्थानीय थाना क्षेत्र के केवाल गाँव में पाँच दिन पहले बंधी में डूबे 14 वर्षीय आशीष कुमार का शव गुरुवार सुबह पानी की सतह पर तैरता हुआ मिला। रोज़ की तरह सुबह बंधी की ओर गए ग्रामीणों ने जब पानी में शव...

sonbhadra
2:02 PM, December 4, 2025
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज । स्थानीय थाना क्षेत्र के केवाल गाँव में पाँच दिन पहले बंधी में डूबे 14 वर्षीय आशीष कुमार का शव गुरुवार सुबह पानी की सतह पर तैरता हुआ मिला। रोज़ की तरह सुबह बंधी की ओर गए ग्रामीणों ने जब पानी में शव देखा तो हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत शोर मचाते हुए परिजनों और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। सूचना पर पहुँची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकलवाया।
वही प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव लगभग सुरक्षित अवस्था में मिला। मृतक के नाक से खून बह रहा था और शरीर पर केवल अंडरवियर था। शव देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रो पड़े और घटना को साज़िशन हत्या बताते हुए विरोध जताने लगे।
पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है, और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद गाँव में शोक के साथ-साथ गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी बीच परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पाँच दिनों तक चल रही खोजबीन के बावजूद शव नहीं मिला, जबकि आज अचानक सतह पर मिल जाना संदेह पैदा करता है।
आशीष की बुआ ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रार्थना पत्र में फिसलने की बात जबरन लिखवाई जा रही थी, जिसका मैंने विरोध किया। पुलिस सिर्फ औपचारिकता निभा रहा है। इतने गंभीर मामले को यूँ ही छोड़ दिया जाए, तो हमें प्रशासन पर भरोसा नहीं। उच्चस्तरीय जाँच ज़रूरी है।
वहीं मृतक के मामा कृष्ण यादव ने कहा कि मछली वाले तालाब में शव लगातार 5 दिन रहा और मछलियों ने उसे छुआ तक नहीं यह भी एक गंभीर विषय है, घटना स्पष्ट रूप से साज़िश के तहत हत्या है।




