Sonbhadra News : छह सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने बुलंद की आवाज
आज रॉबर्ट्सगंज स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर ऑल इंडिया आशा बहु कार्यकर्ती कल्याण सेवा समिति की जिलाध्यक्ष मंजू लता मौर्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने अपने 6 सूत्रीय....

sonbhadra
9:55 PM, September 20, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज रॉबर्ट्सगंज स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर ऑल इंडिया आशा बहु कार्यकर्ती कल्याण सेवा समिति की जिलाध्यक्ष मंजू लता मौर्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने अपने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा और अपनी आवाज बुलंद की।
मातृ वंदना योजना का जिम्मा आशाओं को सौंपने की मांग -
इस दौरान जिलाध्यक्ष मंजूलता मौर्य ने बताया कि "उनकी प्रमुख मांगों में मातृ वंदना योजना शामिल है, जिसे पहले आशा कार्यकर्ता पूरा करती थीं। अब यह जिम्मेदारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सौंप दी गई है, जिसे वह वापस आशा बहुओं को दिलाने की मांग कर रही हैं। आशाओं को पहले हर साल दवा किट मिलती थी, जो अब बंद कर दिया गया है। प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने इसे फिर से बहाल करने और मच्छरदानी वितरित करने की मांग उठाई।"
स्मार्टफोन की जगह टैबलेट की मांग -
समिति की महामंत्री जानकी देवी ने बताया कि "सरकार द्वारा दिए गए स्मार्टफोन ऑनलाइन रिपोर्टिंग के दौरान वर्कलोड के चलते हैंग हो जाते हैं। ऐसे में आशाओं ने बेहतर गुणवत्ता वाले टैबलेट की मांग की, ताकि उनकी कार्यक्षमता बेहतर हो सके, इसके साथ ही हर महीने फोन रिचार्ज करवाने की भी मांग की गई।"
नियमित वेतन और कर्मचारी का दर्जा देने की मांग -
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि "आशा बहुएँ हर मौसम, हर परिस्थिति में काम करती हैं लेकिन समस्याओं के समाधान के लिए कारगर पहल नहीं की जा रही है। महंगाई के दौर में कम प्रोत्साहन राशि पर परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है जबकि उनका प्रोत्साहन राशि भी समय से नहीं मिल पाता, इसलिए उन्हें प्रोत्साहन राशि के रूप में भीख नहीं बल्कि सम्मानजनक मानदेय दिया जाए साथ ही राज्य कर्मचारी का भी दर्जा दिया जाए इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सुरक्षा लाभ जैसे ईपीएफ और ईएमआई का लाभ देने की भी मांग की।"




