Sonbhadra News : नियम तोड़ने वाले स्कूल वाहनों पर एआरटीओ का शिकंजा, 57 चालान, 27 सीज
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत जिले भर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों पर बड़ी......

स्कूली वाहनों की जाँच करते पीटीओ मनोज कुमार......
sonbhadra
5:13 PM, July 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत जिले भर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कौशल कुमार सिंह के नेतृत्व में जारी अभियान के दौरान अब तक 57 स्कूली वाहनों का चालान, 27 वाहनों को सीज किया गया है, जबकि विभिन्न परिवहन नियमों के उल्लंघन पर 4 लाख 82 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है। जांच के दौरान कई स्कूल वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, वैध बीमा, परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के सड़क पर दौड़ते मिले। इसके अलावा अनेक वाहनों में बच्चों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन निकास, स्पीड गवर्नर और अन्य सुरक्षा उपकरण भी नहीं पाए गए।
एआरटीओ कौशल कुमार सिंह ने बताया कि "मिशन सेफ फ्यूचर अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना है। जिन वाहनों में फिटनेस, बीमा, परमिट अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले या सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है। सभी स्कूल प्रबंधकों एवं वाहन संचालकों से अपील है कि वे अपने वाहनों का संचालन परिवहन विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करें। भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।"




