Sonbhadra News : ARTO और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर करें स्कूली वाहनों की जाँच - डीएम
आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई, जिसमें डीएम और एसपी ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर अहम निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में..

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक करते डीएम व एसपी
sonbhadra
9:54 PM, November 18, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई, जिसमें डीएम और एसपी ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर अहम निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए और नागरिकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए।
डीएम बी0एन0 सिंह ने कहा कि दो पहिया वाहनों के संचालन में हेलमेट की अनिवार्यता लागू की जाए और चार पहिया वाहनों के लिए सीट बेल्ट का पालन कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यातायात दुर्घटनाओं के बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रोड संकेतक लगाने का निर्देश दिया साथ ही गड्ढामुक्त सड़कों की व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े बैनरों, पोस्टरों और होर्डिंग्स के माध्यम से प्रचार-प्रसार की बात भी की।
डीएम ने ARTO और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाने का निर्देश दिया, ताकि विद्यालयों में बसों से यात्रा करने वाले छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने विद्यालयों की बसों में टूल किट, प्राथमिक उपचार उपकरण और वाहन चालकों के वैध लाइसेंस की जांच करने की बात कही।
डीएम ने एसीपी टोल प्लाजा और जल निगम के अधिशासी अभियंता को ओवरब्रिज के पास सर्विस लेन सड़क की मरम्मत एक सप्ताह के भीतर कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अगर मरम्मत का काम समय पर पूरा नहीं होता है, तो कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी छात्रों तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
बैठक में ARTO राजेश्वर यादव, सीओ सदर संजीव कुमार कटियार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता और सड़क सुरक्षा से संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




