Sonbhadra News : 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का एक और सदस्य गिरफ्तार, लूट का 90 हजार रूपये बरामद
आज म्योरपुर पुलिस के हाँथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने “लुटेरी दुल्हन" गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से लूट के ₹90 हजार नकद एवं घटना में प्रयुक्त बोले.....

लुटेरी दुल्हन गैंग के सदस्य को गिरफ्तारी के बाद पेश करते म्योरपुर थानाध्यक्ष कमल नयन दूबे
sonbhadra
5:35 PM, November 7, 2025
एस0प्रसाद (संवाददाता)
सोनभद्र । आज म्योरपुर पुलिस के हाँथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने “लुटेरी दुल्हन" गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से लूट के ₹90 हजार नकद एवं घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण -
बताते चलें कि राजस्थान के जालौर जिला निवासी रमेश कुमार ने आईजीआरएस के जरिए ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि शादी के बहाने उनसे धोखाधड़ी की गई और डेढ़ लाख नकदी और जेवर लूट लिए गए। एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देश पर म्योरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। छानबीन में प्राथमिक तौर पर पांच नाम सामने आए। इसमें गुरूवार को दुल्हन की भूमिका निभाने वाली विंढमगंज थाना क्षेत्र मुड़िसेमर निवासी रानी कुमारी, उसका पति रवि रंजन मौर्या, रानी की मां म्योरपुर के सुपाचुआ निवासी माया देवी को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से पुलिस ने लूटे गए जेवर और 9500 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं पुलिस ने आज अभियुक्त कृष्णानन्द मौर्य (28वर्ष) पुत्र रणजीत सिंह मौर्य निवासी बहुआरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट के ₹90,000/- एवं घटना में प्रयुक्त बोलेरो बरामद किया है।
ऐसे बनाते हैं लूट का शिकार -
गिरफ्तार अभियुक्त कृष्णा नन्द मौर्या ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह “लुटेरी दुल्हन गैंग” का सक्रिय सदस्य है। यह एक संगठित गिरोह है, जिसमें राजस्थान निवासी राजू माली विवाह हेतु वर पक्ष से संपर्क कर उन्हें झूठे विवाह के बहाने अपने जाल में फँसाता था। गिरोह के सदस्य नकली शादी कर वर पक्ष से मोटी रकम वसूलते थे और अवसर पाकर उनके साथ लूटपाट कर फरार हो जाते थे। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों माया घसिया, रानी घसिया व रवि रंजन मौर्या के साथ मिलकर राजस्थान निवासी रमेश कुमार माली पुत्र अजुबा राम के साथ धोखाधड़ी कर फर्जी विवाह कराया था। गत 29 अक्टूबर को माया घसिया की बेटी रानी के साथ पीड़ित की नकली शादी वाहन बोलेरो में कराई गई। इसके बाद पीड़ित को छोड़ने के बहाने गाड़ी में बैठाकर राबर्ट्सगंज लोढ़ी टोल प्लाजा से आगे हिन्दुआरी के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर किसी बहाने ₹10,000 नकद, सोने का मंगलसूत्र व चांदी की पायल लेकर अभियुक्तगण वहां से फरार हो गए। अभियुक्त ने बताया कि लूट की रकम में से ₹5,000 उसने स्वयं रखे तथा शेष ₹5,000 और आभूषण माया घसिया व रानी घसिया को दे दिए। उसने स्वीकार किया कि पूर्व में भी यह गिरोह राजस्थान के अन्य व्यक्तियों के साथ इसी प्रकार फर्जी विवाह कर धोखाधड़ी और लूट की घटनाएं कर चुका है। अभियुक्त को इस कार्य के लिए कुल ₹95,000 मिले थे। गिरफ्तारी के समय वह छत्तीसगढ़ मार्ग से झारखंड भागने का प्रयास कर रहा था कि पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा।
अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में रहे मौजूद -
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष म्योरपुर कमल नयन दूबे, उ0नि0 मनोज कुमार सिंह, हे0का0 प्रमोद कुमार यादव, का0 मनोज कन्नौजा और का0 रामजीत बिन्द थाना म्योरपुर मौजूद रहे।



