Sonbhadra News : जल्द हो सकती है भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा, उल्टी गिनती शुरू
सत्तादल भाजपा में जिलाध्यक्ष पद को लेकर मची खींचतान अभी थमी नहीं है। दावेदार राज्य मुख्यालय लखनऊ का लगातार चक्कर काट रहे हैं। सभी अपने-अपने सियासी आकाओं की जी-हजूरी कर रहे हैं। वहीं सूत्रों की....

sonbhadra
11:15 PM, January 22, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सत्तादल भाजपा में जिलाध्यक्ष पद को लेकर मची खींचतान अभी थमी नहीं है। दावेदार राज्य मुख्यालय लखनऊ का लगातार चक्कर काट रहे हैं। सभी अपने-अपने सियासी आकाओं की जी-हजूरी कर रहे हैं। वहीं सूत्रों की मानें तो भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा जल्द की जा सकती है। इसकी भनक लगते ही दावेदारों की धड़कन बढ़ गई है। वहीं जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है कि शीर्ष नेतृत्व वर्तमान जिलाध्यक्ष को दुबारा मौका देती है या नए जिलाध्यक्ष के नाम की की घोषणा करती है।
दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के कुदरी गाँव निवासी नन्दलाल गुप्ता को 15 सितंबर 2023 को जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई थी, उनका चुनाव नहीं हुआ था। 2024 का लोकसभा चुनाव कराने के लिए उन्हें जिले का पार्टी अध्यक्ष मनोनीत कर दिया गया था, अब जिलाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया जा चुका है। चुनाव अधिकारी अवधेश श्रीवास्तव और चुनाव पर्यवेक्षक प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला बनाए गए थे। पिछले माह उन्होंने रॉबर्ट्सगंज स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचकर दावेदारों का आवेदन लिया था। वर्तमान जिलाध्यक्ष नन्दलाल, ओमप्रकाश दुबे, दयाशंकर पाण्डेय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, जिला मंत्री संतोष शुक्ला सहित कुल 28 दावेदारों ने अपना नामांकन पत्र उनको सौंपा था। चर्चा थी कि 15 जनवरी से पहले प्रदेश नेतृत्व नए जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा कर देगा। हालांकि, किन्हीं कारणों से ऐसा नहीं हो सका लेकिन सूत्रों की माने तो अब जनवरी के अंत तक नए जिलाध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जा सकता है।




