Sonbhadra News : वेतन कटौती के विरोध में ANM कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
आज CMO कार्यालय परिसर में मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ ने 26 संविदा ANM के वेतन कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया air CMO क़ो ज्ञापन सौंपा।

सोनभद्र
10:19 PM, August 13, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज सीएमओ कार्यालय परिसर में मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष प्रेमशिला देवी के नेतृत्व में 26 संविदा एएनएम वेतन कटौती के विरोध में एक साथ प्रदर्शन किया। वहीं इस अवसर पर संघ ने मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपा और वेतन कटौती के फैसले को रद्द करने की मांग की।
संघ की जिलाध्यक्ष प्रेमशिला देवी और मंत्री विद्या कुमारी मौर्या ने बताया कि "कई कर्मचारियों का वेतन कटौती कर दिया गया है, जिनमें से कुछ कर्मचारी सीएल (कैजुअल लीव) पर थे, बावजूद इसके उनका भी वेतन काटा गया है। कर्मचारियों का कहना है कि कुछ कर्मचारी जिन्होंने एक भी दिन की छुट्टी नहीं ली, उनका भी वेतन काटा गया है।"
मंत्री विद्या कुमारी मौर्या ने बताया कि "जिले के दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित सीएचसी और पीएचसी जैसे संस्थानों पर तैनात कर्मचारी तमाम कठिनाइयों के बावजूद अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। इसके बावजूद, वेतन में कटौती करके उनके मनोबल को तोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसलिए मुख्य चिकित्साधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कटे हुए वेतन को वापस दिलाएं, जिससे कर्मचारियों का मनोबल ऊंचा बना रहे और वे पूरी निष्ठा के साथ अपने कार्यक्षेत्र में काम कर सकें।"
इस मौके पर संघ के साथ पूजा सिंह, अनीता देवी, ज्योति, मंजू, आरती, सीमा, कंचन पटेल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




