Sonbhadra news : बोनस और वेतन भुगतान में देरी से नाराज मजदूरों ने दो घंटे ठप रखा काम
मधुकोंन कोल हैंडलिंग प्लांट में बोनस भुगतान में अनियमितता और समय से वेतन नहीं मिलने से नाराज ऑपरेटरों एवं मजदूरों ने मंगलवार को काम बंद कर विरोध जताया।

sonbhadra
5:24 PM, November 4, 2026
संजय भारती संवाददाता)
बीना (सोनभद्र)। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की बीना परियोजना अंतर्गत विंध्य वासिनी मधुकोंन कोल हैंडलिंग प्लांट में बोनस भुगतान में अनियमितता और समय से वेतन नहीं मिलने से नाराज ऑपरेटरों एवं मजदूरों ने बुधवार को काम बंद कर विरोध जताया। मजदूरों ने करीब दो घंटे तक कार्य पूरी तरह ठप रखा। अधिकारियों के समझाने के बाद श्रमिक काम पर लौटे।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का आरोप है कि ठेका कंपनी की ओर से बोनस एवं वेतन का भुगतान समय से नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही हाई पावर कमेटी एवं केंद्र सरकार और कोल इंडिया के निर्धारित नियमों के अनुसार न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिल रही है। कुछ श्रमिकों को ठेकेदार द्वारा नकद मजदूरी दिए जाने की भी बात सामने आई है।
मजदूरों का कहना है कि वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर पिछले महीने भी काम बंद कर विरोध जताया गया था, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इससे श्रमिकों में नाराजगी बनी हुई है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने श्रमिकों को आश्वस्त करते हुए बताया कि विंध्यवासिनी कंपनी का प्रतिनिधि छह तारीख को आएगा, जिसके बाद सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन पर मजदूर एवं ऑपरेटर काम पर लौट गए।




