Sonbhadra News : 20 किमी दूर मतदान केंद्र बनाए जाने से नाराज बेल्हत्थी के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
म्योरपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत बेलहत्थी के ग्रामीणों ने आज आदिवासी विकास मंच के संयोजक व जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी की अगुवाई में ग्रामीणों ने विभिन्न मांगों को लेकर लोढ़ी स्थित कलेक्ट्रेट....

कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते इंटक के कार्यकर्ता.....
sonbhadra
7:58 PM, March 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । म्योरपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत बेलहत्थी के ग्रामीणों ने आज आदिवासी विकास मंच के संयोजक व जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी की अगुवाई में ग्रामीणों ने विभिन्न मांगों को लेकर लोढ़ी स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद किया। ग्राम पंचायत के आठ टोला के मतदान केंद्रों को 20 किमी दूर बनाये जाने पर नाराजगी जाहिर की। जिलाधिकारी को पत्रक सौप कर शीघ्र समाधान कराए जाने की मांग की।
इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि "ग्राम पंचायत बेलहत्थी के आठ टोले क्रमशः जोगीडीह, टेढीअवा, सजहवा, लालीमाटी, बेलगुड़ी, झरिहवा, रजनी, बड़वान के मतदाताओं को 15 से 20 किलोमीटर दूरी पर कोड़रा तथा निहाई पाथर स्कूल पर मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान केंद्र दूर होने के कारण वृद्ध एवं छोटे बच्चों वाली महिलाओं के साथ-साथ अन्य लोग भी अपने मतदान करने से वंचित हो जाते हैं। वहां की जनता के निर्णय के अनुसार इन आठ टोला का जोगीडीह प्राइमरी स्कूल पर मतदान केंद्र बनाए जाने की मांग की साथ ही ज्ञापन में भी यह जोर देकर कहा गया है कि वहां के आदिवासी जनता को जोगीडीह रेलवे स्टेशन के रेलवे लाइन पार करने के लिए आरओबी का निर्माण करने के लिए पूर्व मध्य रेल धनबाद ने लिखकर अपना सुझाव दिया है कि रेलवे लाइन के दोनों तरफ जब तक सड़क का निर्माण नहीं हो जाता तब तक आरओबी बनाया जाना संभव नहीं है। इस रेलवे लाइन पर आरओबी न बन पाने के कारण लगभग चार सौ स्कूली बच्चे एवं सैकड़ों की संख्या में रेलवे लाइन के दोनों तरफ के गांव के लोग रेलवे लाइन क्रॉस करके अथवा स्टेशन पर खड़ी बोगी के नीचे से जाने के लिए मजबूर है। इसके लिए जिलाधिकारी को पत्र देकर कई बार अनुरोध किया कि रेलवे लाइन के दोनों तरफ वहां के जनता के सुविधा एवं विकास के लिए पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए।"
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी, जिला महासचिव इंटक शमीम अख्तर खान, शिव प्रसाद खरवार, कामरेड लालचंद, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पनारी लक्ष्मण यादव, पूर्व प्रधान बेलहत्थी लक्ष्मण खरवार, सूबेदार गौड़, कंपनी खरवार, राजेश देव पांडेय आदि मौजूद रहे।



