Sonbhadra news : सीमेंट फैक्ट्री से उठ रही दुर्गंध पर बढ़ा आक्रोश, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
नगर क्षेत्र स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में कथित रूप से कचरा जलाए जाने से फैल रही दुर्गंध और प्रदूषण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

sonbhadra
7:31 PM, May 18, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला, (सोनभद्र)। नगर क्षेत्र स्थित सीमेंट फैक्ट्री में कथित रूप से कचरा जलाए जाने से फैल रही दुर्गंध और प्रदूषण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर सोमवार को डाला नगर पंचायत अध्यक्षा फूलवंती कुमारी ने जिलाधिकारी सोनभद्र को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि फैक्ट्री परिसर के भीतर भारी मात्रा में कचरा जलाया जा रहा है, जिससे निकलने वाला धुआं और बदबू पूरे नगर क्षेत्र को प्रभावित कर रही है। नगरवासियों का आरोप है कि चौबीसों घंटे फैल रही इस दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
नगर पंचायत अध्यक्षा ने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत, दमा, आंखों में जलन तथा त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ने लगी हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत और ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि फैक्ट्री परिसर में कचरा जलाने की प्रक्रिया को तत्काल बंद कराया जाए तथा प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अध्यक्षा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो नगरवासी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन की होगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रदूषण और दुर्गंध की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब इसका असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द जांच कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि नगरवासियों को राहत मिल सके।




