Sonbhadra News : एजुकेटर के पदों पर भर्ती के विरोध में आँगनबाड़ी कार्यकर्तियों का हल्ला बोल
आंगनबाड़ी केंद्रों में एजुकेटर के पदों पर आउटसोर्सिंग के जरिए भर्ती किए जाने से नाराज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आँगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले शुक्रवार को प्रदर्शन किया।

sonbhadra
9:29 PM, August 30, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आंगनबाड़ी केंद्रों में एजुकेटर के पदों पर आउटसोर्सिंग के जरिए भर्ती किए जाने से नाराज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आँगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले शुक्रवार को प्रदर्शन किया। जिले भर से आईं सैकड़ों कार्यकर्तीयाँ जिला अस्पताल के सामने मंदिर पर एकत्रित हुईं और जमकर नारेबाजी की। इसके पश्चात आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों का एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम न्यायिक को सौंपा।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों ने कहा कि "आंगनबाड़ी केंद्रों में एजुकेटर बनाने के लिए आउटसोर्सिंग से भर्ती प्रक्रिया चल रही है। अल्प मानदेय पर कार्यकर्ता कार्य कर रही हैं। वह शोषण की शिकार है। उनकी स्थिति सुधारने के लिए उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की जरूरत है। बावजूद आउट सोर्सिंग प्रक्रिया लाकर कार्यकर्ताओं के साथ छल किया जा रहा है। एजुकेटर के पद पर भर्ती करनी है तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को ही वरीयता दी जाए। कार्यकर्ताओं को 20-25 साल का अनुभव है। छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से अच्छा कोई नहीं संभाल सकता, फिर भी यदि सरकार उचित समझे तो उन्हें अलग से प्रशिक्षण दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 15 दिन के अंदर अगर इस प्रक्रिया में बदलाव नहीं किया गया तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विवश होकर सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगी।"
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष प्रतिमा सिंह, साधना विश्वकर्मा, उर्मिला सिंह, लक्ष्मी जायसवाल, शकुंतला देवी, सोनम, सुमन देवी, शशि किरण, उषा देवी, रेनू सिंह, दीप्ती सिंह, माधुरी पांडेय, गीता, इंद्रावती, सीता, बबिता, रूपा श्रीवास्तव, विंध्यवासिनी, इंदु देवी आदि शामिल रहीं।




