Sonbhadra News : विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से सशक्त होंगे कारीगर, प्रशिक्षण के साथ मिलेगी टूलकिट
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद सोनभद्र के पारंपरिक कारीगरों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियो...

sonbhadra
6:26 PM, July 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• 11 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
• बढ़ई, दर्जी, लोहार, कुम्हार, मोची समेत कई ट्रेड होंगे शामिल
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद सोनभद्र के पारंपरिक कारीगरों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण देने के साथ उनके व्यवसाय के अनुरूप आधुनिक टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने रोजगार को आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ा सकें।
उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि "योजना का लाभ बढ़ई, नाई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, टोकरी बुनकर, राजमिस्त्री, हलवाई, मोची और धोबी सहित विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 11 सितंबर 2026 तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आयु एवं आय प्रमाण पत्र तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। यदि आवेदक शिक्षित है या उसके पास तकनीकी योग्यता का प्रमाण पत्र है तो उसे भी आवेदन के साथ संलग्न किया जा सकता है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए तथा वह जनपद सोनभद्र का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। संबंधित ट्रेड से जुड़े होने का प्रमाण पत्र नगर पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम अथवा ग्राम प्रधान/वार्ड सदस्य द्वारा जारी होना चाहिए। इसके साथ ही ₹10 के स्टाम्प पेपर पर नोटरी शपथ पत्र देना होगा कि आवेदक अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य ने पूर्व में इस योजना के तहत प्रशिक्षण, टूलकिट या मानदेय का लाभ प्राप्त नहीं किया है।"
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र में सहायक आयुक्त उद्योग विजय कुमार एवं कृष्ण कुमार से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने पात्र कारीगरों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।




