Sonbhadra News : 1.17 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक अंतर्राज्जीय तस्कर गिरफ्तार, कंटेनर ट्रक जब्त
एसपी अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में सोनभद्र पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में आज सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने यहां 1.17 करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी....

sonbhadra
7:21 PM, January 20, 2026
आनन्द कुमार चौबे/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
सोनभद्र । एसपी अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में सोनभद्र पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में आज सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने यहां 1.17 करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक अंतर्राज्जीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 1029 पेटी में कुल 9088 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। आरोपी पंजाब से शराब लोड करके झारखंड के रास्ते बिहार तक ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के मामले में केस दर्ज कर लिया है।
9088 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त -
पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि "पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि शराब तस्कर एक कंटेनर में अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप लेकर रेनूकुट के रास्ते झारखण्ड जाने की फिराक में हैं। पिपरी थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने तत्परता दिखाते हुए खंडपाथर के पास घेरेबंदी कर कंटेनर को रोककर जांच किया की गई। पुलिस ने कंटेनर से 1019 पेटी में कुल 9088 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसके बाद पुलिस ने कंटेनर को जब्त करते हुए ड्राइवर राजस्थान निवासी श्रवण कुमार पुत्र चैनाराम को गिरफ्तार कर लिया। वहीं प्रवीण कुमार पुत्र अज्ञात निवासी रोहतक-हरियाणा तथा कोहिमा निवासी वाहन स्वामी चाफियार अली पुत्र साबेद अली की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। बरामद अवैध शराब की क़ीमत 82 लाख तथा कंटेनर ट्रक की क़ीमत 35 लाख रूपये आँकी गई है।"
ड्राइवर से व्हाट्सएप कॉल से संपर्क में रहता था मुख्य तस्कर -
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार वाहन चालक ने बताया कि हरियाणा-रोहतक निवासी प्रवीण कुमार द्वारा कंटेनर ट्रक में भरी अंग्रेजी शराब के पैकेट लुधियाना के नाकोदर गांव के पास से उपलब्ध कराए जाते थे तथा निर्देश दिए जाते थे कि उक्त शराब से लदे कंटेनर को झारखण्ड रांची के रास्ते बिहार ले जाया जाना है। अभियुक्त ने बताया कि प्रवीण कुमार उससे व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से लगातार संपर्क में रहता था तथा इस बार वह वाराणसी तक उसके साथ आया भी था। प्रवीण कुमार ने बताया था कि रांची पहुंचने पर वह एक व्यक्ति को भेजेगा जो कंटेनर लेकर बिहार जाएगा तथा बिहार में कंटेनर खाली होने के बाद अभियुक्त को फोन किया जाएगा, जिसके पश्चात वह वहां पहुंचकर कंटेनर ले जाएगा और उसे मेहनताना के रूप में 50,000 रुपये वहीं प्राप्त होंगे।
प्रति चक्कर चालक को 50हजार रूपये मिलता था मेहनताना -
गिरफ्तार अभियुक्त ने यह भी बताया कि प्रवीण कुमार के कहने पर वह कंटेनर जिसे निर्देश मिलता उसी व्यक्ति को सौंप देता था तथा इससे पूर्व भी वह प्रवीण कुमार द्वारा उपलब्ध कराए गए कंटेनरों को लगभग 5–6 बार रांची तक ले जा चुका है। अभियुक्त ने यह स्वीकार किया कि जानबूझकर वाहन पर फास्टैग नहीं लगाया जाता था ताकि टोल टैक्स के माध्यम से वाहन की पहचान न हो सके। सकुशल शराब की खेप पहुंचाने पर उसे प्रति चक्कर 50,000 रुपये मिलते थे, जिससे उसकी आजीविका चलती थी, जबकि प्रवीण कुमार अवैध शराब तस्करी से भारी मुनाफा कमाता था।
गिरफ्तारी/बरामदगी करने वाली टीम -
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना पिपरी सत्येन्द्र कुमार राय, उ0नि0 संजय सिंह चौकी प्रभारी रेनूकूट, उ0नि0 दिलीप कुमार सिंह थाना पिपरी, हे0का0 प्रभूनारायण, हे0का0 नवीन कुमार गिरी, हे0का0 मनीष कुमार सिंह चौकी रेनुकूट, हे0का0 चन्दन मिश्रा थाना पिपरी, का0 प्रदीप कुमार पाल थाना पिपरी शामिल रहे।




