Sonbhadra News : साइबर ठगी के पीड़ितों को ₹23,12,636 की धनराशि कराई गई वापस
माह दिसम्बर 2025 में साइबर ठगी से प्रभावित पीड़ितों की कुल ₹16,61,352/- की धनराशि तथा माह जनवरी वर्ष 2026 में 01 जनवरी से 31 जनवरी तक साइबर ठगी के कुल 48 पीड़ितों की कुल ₹23,12,636/- की राशि वापस कराय

sonbhadra
5:10 PM, February 2, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र) । पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध सघन एवं निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की निरंतर, सुनियोजित एवं समयबद्ध कार्यवाही के परिणामस्वरूप विगत माह दिसम्बर 2025 में साइबर ठगी से प्रभावित पीड़ितों की कुल ₹16,61,352/- की धनराशि तथा माह जनवरी वर्ष 2026 में दिनांक 01.01.2026 से 31.01.2026 तक साइबर ठगी के कुल 48 पीड़ितों की कुल ₹23,12,636/- की राशि पीड़ितों के मूल बैंक खातों में सकुशल वापस कराया गया है। यह उल्लेखनीय सफलता जनपदीय साइबर सेल द्वारा NCRP पोर्टल पर सतत निगरानी, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान, संदिग्ध खातों को तत्काल होल्ड कराना, डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण तथा विभिन्न बैंकों से निरंतर समन्वय स्थापित कर प्राप्त की गई है।
जनपद सोनभद्र पुलिस साइबर अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत न केवल अपराधियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही कर रही है, बल्कि साइबर ठगी से पीड़ित आमजन की धनराशि सुरक्षित वापस दिलाने हेतु पूरी प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। जनपद सोनभद्र पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।



