Sonbhadra News : रॉवर्ट्सगंज-चुर्क वैकल्पिक मार्ग पर लगे बैरिकेटिंग की वजह से फंसी एंबुलेंस, हटाने की मांग
रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। क्रॉसिंग बंद होने से बाइक व साइकिल ही क्रासिंग के बगल से बनाये गए वैकल्पिक रास्ते से

sonbhadra
8:05 PM, July 23, 2026
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
० रॉवर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग बंद से सभी गाड़ियां जा रही वैकल्पिक मार्ग से
० वैकल्पिक मार्ग पर भी लग रहा जाम
चुर्क (सोनभद्र) । रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। क्रॉसिंग बंद होने से बाइक व साइकिल ही क्रासिंग के बगल से बनाये गए वैकल्पिक रास्ते से ही निकल पा रहे हैं, बाकी छोटी व बड़ी गाड़ियों के लिए रूट डाइवर्ट कर दिया गया है। पिछले कुछ दिनों से रुक रुक कर हो रही बरसात के बाद इस मार्ग पर चलने वाले सभी लोगों की परेशानी बढ़ गयी है।
बता दें कि खलियारी-पन्नूगंज की ओर से आने वाले वाहन अब नई बाजार-धंधरौल- वार-परसौना-चुर्क होते हुए रॉबर्ट्सगंज पहुंच रहे हैं। इससे जहाँ वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है वहीं अब इस रूट पर भी आए दिन जाम लग रहा है।
चुर्क नगर के वार्ड नंबर 6 रेलवे पुलिया पर बैरिकेटिंग लगाए जाने से समस्या और भी बढ़ गई है। बैरिकेटिंग के कारण स्कूल बसों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई स्कूल बसें इस मार्ग से नहीं निकल पा रही हैं, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। यहां तक कि एक एंबुलेंस भी बैरिकेटिंग की वजह से फंस गई।
सबसे ज्यादा परेशानी आगामी दिनों में शुरू हो रहे सावन त्यौहार में बढ़ेगी । इसी मार्ग से हजारों की संख्या में बोल बम कांवरिया विजयगढ़ दुर्ग से जल लेकर शिवद्वार जलाभिषेक करने जाएंगे। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने का पुलिस पर भारी दबाव रहेगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन ओवरब्रिज की वजह से वैकल्पिक मार्ग पर रेलवे पुल की लगी बैरिकेटिंग को हटा दिया जाय ताकि स्कूल बसों, एंबुलेंस व छोटे वाहन आसानी से निकल सके।




