Sonbhadra News : सरकार के सारे दावे फेल, अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का पारा बढ़ाया
एक तरफ भगवान भास्कर ने लोगों का जीना दुश्वार किया हुआ है तो वहीं बिजली विभाग की अघोषित कटौती ने लोगों के पारे को बढ़ा दिया है। दिन हो या फिर रात बिजली विभाग की कटौती ने लोगों की नींद हराम कर रखी है।

sonbhadra
12:28 PM, May 25, 2026
- लोगों को ऊर्जा नगरी में रहने का नहीं मिला आज तक कोई लाभ
- ऊँचे दाम पर बिजली खरीदना और अघोषित बिजली कटौती का दंश झेलने को मजबूर लोग
शांतनु कुमार
सोनभद्र । एक तरफ भगवान भास्कर ने लोगों का जीना दुश्वार किया हुआ है तो वहीं बिजली विभाग की अघोषित कटौती ने लोगों के पारे को बढ़ा दिया है। दिन हो या फिर रात बिजली विभाग की कटौती ने लोगों की नींद हराम कर रखी है। बार-बार लाइट ट्रिपिंग से लोग परेशान हो चुके हैं। प्रदेश के कई जिलों में तो लोग सड़कों पर निकल कर विरोध प्रदर्शन तक कर रहे हैं। सोनभद्र भले ही ऊर्जा नगरी हो मगर यहाँ रहने वाले लोगों को इसका कोई लाभ नहीं। यहाँ के लोगों को जहाँ एक तरफ महंगी बिजली खरीदनी पड़ती है वहीं कटौती का दंश भी झेलना पड़ता है। गर्मी शुरू होने के पहले सरकार के मंत्री और उनके अफसर बड़े बड़े वादे और दावे किया करते थे लेकिन थोड़ी गर्मी बढ़ी तो सबकी बोलती बन्द हो गयी।
भीषण गर्मी में जहाँ तापमान अधिकतम 43.7 और न्यूनतम 29.4 डिग्री पहुँच गया है और प्रशासन अलर्ट जारी कर घरों में रहने की अपील कर रहा है वहीं बिजली की अघोषित कटौती से लोग घरों में भी चैन से नहीं रह पा रहे हैं। ऐसे में बड़े बड़े बयान देने वाले जनप्रतिनिधि समस्या आते ही चुप्पी साध रखा है।




