Sonbhadra News : दुद्धी सीओ बने अजय सिंह चौहान, पिपरी गए विनय प्रभाकर साहनी
इस फेरबदल में दो क्षेत्राधिकारी, एक निरीक्षक और एक उपनिरीक्षक सहित कुल चार पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं गैर जनपद स्थानांतरण के चलते दो निरीक्षकों को कार्यमुक्त किया गया है।

sonbhadra
10:49 AM, November 26, 2026
रमेश यादव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
० शक्तिनगर और अनपरा थानों में भी नए प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष की तैनाती
सोनभद्र। जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस व्यवस्था को प्रभावी एवं सुचारू बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल करते हुए नवीन तैनाती एवं स्थानांतरण किया है। इस फेरबदल में दो क्षेत्राधिकारी, एक निरीक्षक और एक उपनिरीक्षक सहित कुल चार पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं गैर जनपद स्थानांतरण के चलते दो निरीक्षकों को कार्यमुक्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी को क्षेत्राधिकारी दुद्धी से क्षेत्राधिकारी पिपरी के पद पर तैनात किया गया है। उनके क्षेत्राधिकार में थाना पिपरी, अनपरा और शक्तिनगर शामिल होंगे। इसके साथ ही उन्हें साइबर थाना/साइबर सेल, पुलिस आधुनिकीकरण एवं सामुदायिक पुलिसिंग का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
वहीं पुलिस उपाधीक्षक अजय सिंह चौहान को क्षेत्राधिकारी दुद्धी नियुक्त किया गया है। उनके क्षेत्राधिकार में थाना दुद्धी, विण्ढमगंज, म्योरपुर, बभनी एवं बीजपुर शामिल होंगे।
इसी क्रम में निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह, जो पूर्व में प्रभारी आईजीआरएस/जनसुनवाई सेल में तैनात थे, उन्हें प्रभारी निरीक्षक थाना शक्तिनगर नियुक्त किया गया है। जबकि उपनिरीक्षक अतुल कुमार प्रजापति को पीआरओ पुलिस अधीक्षक के पद से थानाध्यक्ष अनपरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा गैर जनपद स्थानांतरण के फलस्वरूप निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, थाना शक्तिनगर एवं निरीक्षक राजेश जी चौबे, थानाध्यक्ष अनपरा को कार्यमुक्त किया गया है।




