Sonbhadra News : लंबे इंतजार के बाद नर्सिंग कॉलेज तैयार, नए सत्र में शुरू हो सकती है पढ़ाई
करीब 10 माह तक भुगतान के फेर में अटकी राजकीय नर्सिंग कॉलेज की निर्माण परियोजना अब आखिरकार हैंडओवर की दहलीज पर पहुंच गई है।

sonbhadra
8:17 PM, September 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। करीब 10 माह तक भुगतान के फेर में अटकी राजकीय नर्सिंग कॉलेज की निर्माण परियोजना अब आखिरकार हैंडओवर की दहलीज पर पहुंच गई है। मेडिकल कॉलेज लोढ़ी के समीप करीब 9.97 करोड़ रुपये की लागत से तैयार भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। फायर टेस्टिंग के बाद अग्निशमन विभाग से एनओसी भी मिल गई है। अब कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस शेष जरूरी काम निपटाने के साथ भवन को मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सौंपने की तैयारी में जुट गई है। अगर बची हुई व्यवस्थाएं समय से पूरी हो गईं तो नए शैक्षणिक सत्र में यहां नर्सिंग की पढ़ाई शुरू होने का रास्ता साफ हो सकता है।
वर्ष 2024 में स्वीकृत राजकीय नर्सिंग कॉलेज की परियोजना को 18 माह में पूरा किया जाना था, लेकिन करीब 10 माह तक भुगतान नहीं होने से निर्माण कार्य की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। इसके चलते तय समयसीमा में परियोजना पूरी नहीं हो सकी। हालांकि, कार्यदायी संस्था के मुताबिक जुलाई 2026 में भवन का निर्माण पूरा कर लिया गया। इसके बाद अगस्त में फायर टेस्टिंग कराई गई और अग्निशमन विभाग से एनओसी प्राप्त कर ली गई।
भवन तैयार, अब संचालन की बारी -
कॉलेज भवन के साथ छात्र-छात्राओं के रहने के लिए तीन मंजिला हॉस्टल भी बनाया गया है। इसमें करीब 70 कमरे हैं, जहां लगभग 140 नर्सिंग विद्यार्थियों के ठहरने की व्यवस्था होगी। हॉस्टल में विद्यार्थियों के खान-पान समेत अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जानी हैं।
कार्यदायी संस्था की ओर से अब भवन के हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही जा रही है। परियोजना प्रबंधक के अनुसार इसे पूरी तरह पूरा होने में करीब एक से डेढ़ माह का समय लग सकता है। हालांकि मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि अभी केवल भवन निर्माण पूरा हुआ है। कॉलेज संचालन के लिए जरूरी अन्य व्यवस्थाएं अभी पूरी किया जाना बाकी हैं। इन्हें पूरा करने के बाद ही हैंडओवर की प्रक्रिया अंतिम रूप ले सकेगी।
हैंडओवर के बाद मेडिकल कॉलेज के अधीन होगा संचालन -
राजकीय नर्सिंग कॉलेज का संचालन मेडिकल कॉलेज के अधीन किया जाएगा। भवन, हॉस्टल और अग्निशमन संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब निगाहें उन व्यवस्थाओं पर टिकी हैं, जिनके आधार पर कॉलेज में नियमित कक्षाएं शुरू हो सकेंगी। यदि मेडिकल कॉलेज प्रशासन और कार्यदायी संस्था ने शेष काम समय से पूरा कर लिया तो लंबे इंतजार के बाद नए सत्र में नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए कॉलेज के दरवाजे खुल सकते हैं।
भवन तैयार, मिली फायर एनओसी, अब हैंडओवर की तैयारी -
परियोजना प्रबंधक योगेश कुमार गुप्ता ने बताया कि राजकीय नर्सिंग कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अग्निशमन विभाग की ओर से एनओसी भी जारी कर दी गई है। अन्य जरूरी कार्य कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही भवन के हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जल्द ही हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।




