दुद्धी । सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी अस्पतालों तक पहुंचाने के कथित खेल और इलाज के दौरान हुई मौत के बाद आखिरकार जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग एक्शन मोड में नजर आया। लंबे समय से मानकों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे निजी अस्पतालों पर आज उपजिलाधिकारी निखिल यादव, नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव, सीएचसी अधीक्षक डॉ0 शाह आलम, बीपीएम संदीप सिंह, कस्बा इंचार्ज अमित कुमार सिंह की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई ऐसे खुलासे हुए, जिन्होंने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। कहीं सील अस्पताल के आसपास गतिविधियां मिलीं तो कहीं बिना सूचना के मरीज भर्ती मिले। एक अस्पताल में बाहर ताला बंद था, लेकिन अंदर मासूम बच्चे का इलाज चलता मिला। कार्रवाई के बाद पूरे दुद्धी क्षेत्र में निजी अस्पताल संचालकों के बीच अफरा-तफरी मच गई।