Sonbhadra News : दिल्ली के राष्ट्रीय मंच पर गूंजा सोनभद्र के व्यापारियों का मुद्दा, नजूल और जीएसटी की समस्या को लेकर हुई चर्चा
व्यापारियों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर हॉल में 9 अगस्त को राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल.....

राष्ट्रीय अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते व्यापारीगण......
sonbhadra
8:08 PM, August 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । व्यापारियों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर हॉल में 9 अगस्त को राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता की अध्यक्षता एवं राष्ट्रीय महामंत्री मुकुंद मिश्रा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा विशिष्ट अतिथि केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद साधना सिंह और सांसद विजय सिंह बघेल समेत देश के 22 राज्यों से आए व्यापारी प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सोनभद्र जिले की प्रमुख समस्याओं और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने सोनभद्र में नजूल भूमि के खसरा प्रकाशन की समस्या को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते हुए इसके शीघ्र समाधान की मांग की। इसके साथ ही 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' योजना में स्थानीय उत्पादों को वरीयता के आधार पर शामिल करने की मांग रखी गई।
उन्होंने फूड सेफ्टी के पुराने मानकों की समीक्षा करने तथा पैक्ड प्रोडक्ट का सैंपल फेल होने की स्थिति में व्यापारी को अनावश्यक रूप से पक्षकार नहीं बनाए जाने की मांग भी उठाई। जिलाध्यक्ष ने जीएसटी की विसंगतियों से व्यापारियों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी जोरदार ढंग से रखा और इनके सरलीकरण एवं समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की सुनील पांडेय को ज्ञापन सौंपकर सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने कहा कि जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही की आवश्यकता है। इस पर सुनील पांडेय ने समस्याओं के अतिशीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में सोनभद्र से वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह (नीटू), आईटी सेल अध्यक्ष अजय केशरी सहित जिले के विभिन्न नगरों के अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित रहे।




