Sonbhadra news : चीनी की जमाखोरी पर प्रशासन का शिकंजा, ओबरा-चोपन में स्टॉकिस्टों के गोदामों पर औचक जांच
चीनी की कीमतों पर नियंत्रण और बाजार में पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।

sonbhadra
8:02 PM, August 22, 2026
घनश्याम पांडेय विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। चीनी की कीमतों पर नियंत्रण और बाजार में पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी ओबरा ने ओबरा और चोपन क्षेत्र में चीनी स्टॉकिस्टों के प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक की स्थिति जांची।
निरीक्षण के दौरान ओबरा स्थित बालाजी ट्रेडर्स तथा चोपन के अनूप ट्रेडर्स और मोहित ट्रेडर्स के यहां उपलब्ध चीनी के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार स्टॉक की जानकारी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
हर शुक्रवार पोर्टल पर स्टॉक घोषित करना अनिवार्य उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार की व्यवस्था के तहत प्रत्येक शुक्रवार पोर्टल पर उपलब्ध चीनी स्टॉक की घोषणा करना अनिवार्य है। साथ ही व्यापारियों को जमाखोरी से दूर रहने और बाजार में चीनी की नियमित उपलब्धता बनाए रखने की हिदायत दी गई।
गड़बड़ी मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई प्रशासन ने चेतावनी दी कि स्टॉक छिपाने, जमाखोरी करने अथवा अभिलेखों में अनियमितता मिलने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि चीनी की कीमत और उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा स्टॉकिस्टों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।




