Sonbhadra News : विदेशी मुद्रा बचत को लेकर प्रशासन अलर्ट, व्यापारियों ने राष्ट्रहित में सहयोग का दिया भरोसा
वैश्विक आर्थिक संकट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव के बीच विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
7:19 PM, May 18, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डीएम-एसपी ने सर्राफा कारोबारियों संग की अहम बैठक, सोने के अनावश्यक निवेश से बचने की अपील
सोनभद्र । वैश्विक आर्थिक संकट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव के बीच विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में सर्राफा व्यापारियों, बुलियन कारोबारियों, राज्य कर विभाग के अधिकारियों और सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, युद्धजनित हालात, विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव तथा सोने के आयात में संतुलन बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "भारत विश्व के प्रमुख स्वर्ण आयातक देशों में शामिल है और प्रतिवर्ष बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा सोने के आयात पर खर्च होती है। वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता, युद्ध जैसे हालात और डॉलर की बढ़ती मांग के कारण आयात लागत लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में राष्ट्रहित सर्वोपरि है और व्यापारियों सहित प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में सोने की कीमतों में लगातार भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे बाजार और आमजन दोनों प्रभावित हुए हैं।उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि यदि बुलियन यानी सोना-चांदी की ईंट एवं बिस्कुट की अनावश्यक खरीद-बिक्री और निवेश को सीमित किया जाए तो सोने के आयात में कमी लाई जा सकती है, जिससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।"
बैठक में मौजूद सर्राफा व्यापारियों और एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने प्रशासन की अपील का स्वागत करते हुए राष्ट्रहित में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। व्यापारियों ने कहा कि सोनभद्र में अधिकतर कारोबार आभूषणों की खरीद-बिक्री पर आधारित है और यहां बड़ी संख्या में लोग पुरानी ज्वेलरी के बदले नई ज्वेलरी खरीदते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर बुलियन व्यापार नहीं होता है और व्यापारी वर्ग हमेशा शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करता आया है। व्यापारियों ने यह भी कहा कि वर्तमान वैश्विक हालात और युद्धजनित आर्थिक प्रभावों को देखते हुए वे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अपील के अनुरूप कार्य करेंगे तथा आम लोगों को भी अनावश्यक बुलियन निवेश से बचने के लिए जागरूक करेंगे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन व्यापारिक गतिविधियों के सुचारु संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करेगा। साथ ही उन्होंने सभी व्यापारियों से आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक के अंत में राष्ट्रहित, आर्थिक आत्मनिर्भरता और वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सभी व्यापारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां सामान्य होने तक वे शासन-प्रशासन की अपीलों का पालन करते हुए राष्ट्रहित में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।




